पति की मौत के बाद अस्पताल में विलाप करती घायल पत्नी।
- फोटो : अमर उजाला
गागलहेड़ी थाना क्षेत्र के गांव बुड्ढाखेड़ा के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। इसमें पिता-बेटी की मौत हो गई, जबकि पत्नी और दूसरी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना मंगलवार देर शाम करीब साढ़े छह बजे की है।
विलाप करते विकास के परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
भगवानपुर रोड पर बुड्ढाखेड़ा स्थित पेट्रोल पंप के सामने अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। इसमें विकास उर्फ विक्की (35) पुत्र रविंद्र निवासी जमालपुर कलां जिला हरिद्वार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी अक्षमा व बेटी रूही और जाह्नवी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टर ने जाह्नवी को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई के लिए भेज दिए है। घटना का पता लगते ही जिला अस्पताल में गागलहेड़ी और जनकपुरी पुलिस भी पहुंची।
रोशनाबाद फैक्टरी में काम करता था विकास
मामा अशोक ने बताया कि विकास रोशनाबाद फैक्टरी में काम करता था। वह मंगलवार को पत्नी और दोनों बेटियों को लेकर गागलहेड़ी आ रहा था। विकास ने हेलमेट लगाया हुआ था, फिर भी उसकी जान नहीं बच पाई। क्योंकि वाहन की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए थे।