सहारनपुर। अपर जिलाधिकारी प्रशासन और उप निर्वाचन अधिकारी डॉक्टर अर्चना द्विवेदी ने कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि कोविड प्रोटोकॉल को देखते हुए इस बार एक विधानसभा सीट की मतगणना दो हॉल में होगी। इस हॉल में आरओ और दूसरे में एआरओ रहेंगे। एक विधानसभा की मतगणना के लिए 14 टेबल लगाए जाएंगे। डाक मतपत्रों और इलेक्ट्रॉनिक पोस्टल बैलेट गणना के लिए भी अलग से टेबल लगायी जाएंगी। मतगणना स्थल की त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। इसमें अर्द्धसैनिक बलों को तैनात किया जाएगा। निगरानी के लिए मजिस्ट्रेट भी तैैनात कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि डाक मतपत्रों की गिनती भी ईवीएम की गणना के साथ साथ चलेगी। डाक मतपत्रों की गिनती के लिए छह विधानसभा सीटों पर दो-दो और नगर सीट पर तीन टेबल लगेंगी।
------------
कड़ी सुरक्षा में मतगणना स्थल जाएंगे डाक मतपत्र
उप निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि डाक मतपत्रों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कोषागार से मतगणना स्थल ले जाया जाएगा। इसके लिए सुबह छह बजे कोषागार को खोला जाएगा। डाक मतपत्रों को मतगणना हॉल तक पहुंचाने की जिम्मेदारी तहसील सदर (न्यायिक) नितिन राजपूत की रहेगी। डाक मतपत्र एक डीसीएम गाड़ी से ले जाए जाएंगे।
-----------
त्रिस्तरीय रहेगी सुरक्षा व्यवस्था : एसपी सिटी
पुलिस अधीक्षक नगर राजेश कुमार ने कहा कि मतगणना स्थल पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। इसके पहले स्तर पर अर्द्धसैनिक बल तैनात रहेंगे। दूसरे पर पीएसी के साथ पुलिस बल भी तैनात रहेगा।