दिल्ली-देहरादून हाईवे पर डाट काली मंदिर से दो किलोमीटर पहले स्कॉर्पियो कार की पिछली सीट पर गाजियाबाद निवासी मयूर शर्मा (35) का शव मिला। पुलिस और फारेंसिक टीम ने शव और घटना स्थल की जांच पड़ताल की। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि मयूर नशे का आदि था और संभवत ओवरडोज के कारण उसकी मौत हुई है।
सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे देहरादून की आशा रोड़ी पुलिस चौकी पर तैनात पुलिस कर्मी सागर राय ने बिहारीगढ़ थाने पर सूचना दी कि डाट मंदिर से पहले एक स्कॉर्पियो गाड़ी खड़ी है, जिसकी पिछली सीट पर मृत हालत में एक व्यक्ति पड़ा है। मोहंड पुलिस चौकी से पुलिस मौके पर भेजी गई। कार में ही मृतक के पास उसका मोबाइल पड़ा था।
उसके परिजनों से संपर्क किया तो उसकी शिनाख्त मयूर शर्मा निवासी गाजियाबाद के रूप में हुई। इसके बाद परिजन मौके पहुंचे। सीओ बेहट एसएन वैभव पांडेय ने बताया कि परिजन किसी भी कानूनी कार्रवाई से इंकार कर रहे थे, लेकिन पुलिस के समझाने पर वह पोस्टमार्टम के लिए राजी हो गए।
मृतक की पत्नी गाजियाबाद में त्वचा रोग विशेषज्ञ हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि मयूर नशे का आदी था। वह चार दिन पहले घर से निकला था। रविवार को उसने देहरादून के गुच्चू पानी से फोन किया था। वहां वह किसी होटल में ठहरा था। इसके बाद उनकी उससे कोई बात नहीं हुई थी। सीओ ने बताया कि प्रथम दृष्टया नशे की ओवरडोज लेने से मौत हुई होगी। फिर भी मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगी। यदि कुछ संदिग्ध आता है तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।