सहारनपुर जनपद के देवबंद में साइबर ठगों ने क्राइम ब्रांच का इंस्पेक्टर बनकर एक व्यक्ति से 80 हजार रुपये से अधिक की ठगी कर ली। मामला यही नहीं रुका, पैसे लेने के बाद उसे मुंबई बुलाया जा रहा है और न आने पर जेल भेजने की धमकी भी दी जा रही है। डरे सहमे व्यक्ति ने मामले में पुलिस को तहरीर दी है।
नगर के मोहल्ला कायस्थवाड़ा निवासी अमित ठाकुर ने बुधवार को कोतवाली में तहरीर दी है। जिसमें अमित ने बताया कि वर्तमान में वह गाजियाबाद में रह रहा है। परिवार में शादी होने की वजह से वह दो दिन पूर्व देवबंद आया था। मंगलवार को उसके मोबाइल पर कॉल आई, जिसमें कॉलर ने बताया कि वह एक कोरियर कंपनी से बात कर रहा है और उसके द्वारा जो कोरियर कनाडा भेजी जा रही है, उसमें पासपोर्ट, एटीएम, आधार और पैन कार्ड सहित अन्य दस्तावेज हैं, जो अपराधिक मामला है।
इसके बाद उक्त कॉलर ने एक अन्य व्यक्ति को लाइन पर ले लिया। जिसने खुद को साइबर क्राइम ब्रांच मुंबई का इंस्पेक्टर बताया और उसकी आईडी दिखाते हुए रिपोर्ट दर्ज होने की बात कही। साथ ही कहा कि मामले में जेल जाना होगा। इसके कुछ देर बाद व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल आई, जिसमें एक व्यक्ति पुलिस की वर्दी में बैठा हुआ था। जिसने कहा कि यदि जमानत करानी है तो 80 हजार 640 रुपये खाते में भेज दे।
यह भी पढ़ें: नकली नोटों का मामला: एक्शन में SSP, फरार शाहिद कुरैशी पर घोषित किया 25 हजार का इनाम