सीसीटीवी कैमरे पर लगा गोबर और खाली की गई अलमारी।
- फोटो : अमर उजाला
देवबंद स्थित गांव नन्हेड़ा आसा में चोरों ने बंद मकान को निशाने बनाते हुए आभूषण और डेढ़ लाख रुपये से अधिक की नकदी चोरी कर ली। चोरों ने घटना से पूर्व वहां लगे सीसीटीवी कैमरों पर गोबर लगा दिया और डीवीआर भी निकाल कर ले गए।
खानकाह पुलिस चौकी क्षेत्र के नन्हेड़ा आसा गांव निवासी राखी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह थानाभवन स्थित खानपुर मायके गई हुई थी। मंगलवार रात चोर पीछे के रास्ते सीढ़ी लगाकर घर में घुसे। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों पर गोबर लगा दिया, जिसके बाद कमरे में रखी अलमारी के ताले तोड़कर वहां रखे करीब 14 तौला सोने के जेवर, चांदी के आभूषण, दो एलसीडी, एक लाख 60 हजार रुपये की नकदी समेत अन्य सामान चोरी कर लिया।
राखी के मुताबिक पड़ोसी के फोन करने पर उसे घटना के बारे में पता चला। वह घर पहुंची तो सामान बिखरा पड़ा था। राखी ने बताया कि चोर घर में रखे अनाज और सरसों के कट्टे भी उठाकर ले गए। जाते समय कई कैमरे और डीवीआर भी निकालकर ले गए। जांच अधिकारी संदीप चौधरी का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आशंका जताई कि यह घटना रंजिश से भी जुड़ी हो सकती है।
12 जून को हुई थी हत्या, पीड़ित परिवार पर लगा था आरोप
नन्हेड़ा आसा गांव में 12 जून को जयपाल सिंह (70) की गोली लगने से मौत हो गई थी। मृतक के बेटे ठाठ सिंह ने पांच लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसमें पुलिस ने एक महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया था। बताया जा रहा है कि जिस मकान में चोरी हुई उनके और मृतक के परिवार के बीच इसी मामले को लेकर मुकदमेबाजी चल रही है। पुलिस घटना में इस रंजिश के बिंदु पर भी जांच कर रही है।