उतर प्रदेश के सहारनपुर में थाना सदर बाजार क्षेत्र में सर्किट हाउस रोड पर ओजपुरा में चाैकीदार की हत्या कर शव विवादित प्लाॅट में फेंक दिया गया। माैके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
सहारनपुर जनपद केसर्किट हाउस रोड पर मोहल्ला ओजपुरा के एक प्लॉट में चौकीदार का शव मिला है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि प्लॉट पर काफी समय से विवाद चला आ रहा है।
विज्ञापन
घटना थाना सदर बाजार क्षेत्र की है। थाना कुतुबशेर क्षेत्र के रुपड़ी कपूरपुर निवासी यशपाल (48) सर्किट हाउस रोड पर मोहल्ला ओजपुरा के एक प्लॉट पर चौकीदारी करता था। रोजाना की तरह शुक्रवार की रात भी यशपाल काम पर गया था।
शनिवार को उसका शव प्लॉट के बाहर बनी अस्थायी झोपड़ी में मिला। पता लगने ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच की। सिर व कान में चोट के निशान है।
पुलिस को शव के पास से मोबाइल व कुछ नकदी मिली है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। बताया गया कि जिस प्लॉट पर यशपाल चौकीदारी करता था, उस पर पहले से विवाद चला रहा है। यशपाल को प्लॉट की निगरानी के लिए रखा हुआ था।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही पता लग पाएगा। एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है। पोस्टमार्टम आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।