ढमोला नदी में गोबर बहाने वालों से 15 हजार रुपये जुर्माना
सहारनपुर। एनजीटी के आदेशों के अनुपालन में नगर निगम ने ढमोला नदी में गोबर बहाने वाले डेयरी संचालकों के खिलाफ कार्रवाई कर जुर्माना वसूला। गिल कॉलोनी गली नंबर एक में नदी में डेयरी संचालक पर गोबर बहाने के आरोप में 15 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह के निर्देश पर सोमवार को प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल बीएस नेगी के नेतृत्व में निगम के अधिकारी थाना सदर पुलिस के साथ गिल कॉलोनी पहुंचे, जहां अवैध रूप से संचालित डेयरी से निकलने वाला गोबर ढमोला नदी में गिराने के आरोपी डेयरी संचालक से 15 हजार रुपये का जुर्माना वसूला।
उधर, मानकमऊ में सड़क पर अतिक्रमण करने वालों पर जुर्माना लगाया गया। प्रतिबंधित पॉलिथीन का का इस्तेमाल करने वाले पर एक हजार रुपये जुर्माना लगाया गया। टीम में प्रवर्तन दल के नरेश, हेमराज, शिवकुमार, जगपाल, मुकेश, सेनेट्री इंस्पेक्टर आशीष, राजवीर, सुधाकर, सफाईनायक सोमपाल तथा थाना सदर से कविंद्र, अजीत, विपिन, महिला सिपाही शालू चौधरी, पीडी बर्मन आदि शामिल रहे।