नकुड़ में पेट्रोल पंप पर डीजल लेने को लगी भीड़। स्रोत नागरिक
नकुड़। ईरान-इस्राइल युद्ध के चलते पेट्रोलियम पदार्थो में मूल्य वृद्धि की अफवाह को लेकर नगर के पेट्रोल पंपों पर डीजल खरीद के लिए किसानों की लाइन लग गई, जबकि पेट्रोल पंप संचालकों ने मूल्य वृद्धि की बात से इन्कार किया है।
बृहस्पतिवार को नगर के पेट्रोल पंपों पर किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली में ड्रम रखकर डीजल खरीद के लिए लाइन में खड़े नजर आए। गांव बाधी निवासी किसान ओमपाल ने पूछने पर बताया कि ईरान-इजराइल युद्ध चल रहा है। इसके चलते सुनने में आ रहा है कि पेट्रोलियम पदार्थों में मूल्य वृद्धि होगी। किसान ने बताया कि मूल्य वृद्धि के चलते वह दो ड्रम डीजल लेने आया है। इसी तरह कई अन्य किसान भी ट्रैक्टर ट्रॉली में ड्रम रखकर डीजल लेते दिखाई दिए।
उधर, पंप संचालक अतुल अग्रवाल ने बताया कि पेट्रोलियम पदार्थों में मूल्य वृद्धि की बात केवल अफवाह है। इस तरह की कोई सूचना उनके पास नहीं है। पंप संचालक के अनुसार बृहस्पतिवार को पेट्रोलियम पदार्थों के मूल्य में किसी तरह की बढ़ोतरी नहीं हुई है। अतुल अग्रवाल ने बताया कि सुबह से ही किसान लाइन लगाकर डीजल खरीद रहे हैं जिसके कारण आज पेट्रोल पंप पर डीजल की बिक्री में दोगुना अंतर आया है।