नागल। दिवाली का त्योहार नजदीक है। बाजारों में रौनक दिखाई देने लगी है। लोग अपने घरों को सजाने और त्योहार की तैयारियों में जुटे हैं, लेकिन गांगनौली स्थित बजाज हिंदुस्थान शुगर मिल से जुड़े गन्ना किसानों के घरों में इस बार त्योहार की खुशियां फीकी नजर आ रही हैं। पिछले पेराई सत्र का करीब 88 करोड़ रुपये गन्ना मूल्य भुगतान बकाया होने के कारण किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा है। ऐसे में किसानों के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब जेब खाली है तो दिवाली कैसे मनाएं।
क्षेत्र का अधिकांश किसान अपनी आजीविका के लिए गन्ने की खेती पर निर्भर है। किसान पूरे साल खेतों में मेहनत करके गन्ने की फसल तैयार करता है और मिल में गन्ना डालने के बाद मिलने वाले भुगतान से परिवार की जरूरतें पूरी करने के साथ ही बच्चों की पढ़ाई, घरेलू खर्च और खेती की अगली तैयारी करता है। बजाज शुगर मिल से समय पर भुगतान नहीं मिलने के कारण किसानों का पूरा आर्थिक गणित बिगड़ गया है।
किसानों को उम्मीद थी कि दिवाली से पहले मिल प्रबंधन बकाया भुगतान कर देगा, जिससे वे अपने परिवार के साथ त्योहार की खुशियां बांट सकेंगे, लेकिन भुगतान नहीं होने से उनकी उम्मीदों पर पानी फिरता नजर आ रहा है। किसी को बच्चों के लिए कपड़े खरीदने हैं तो किसी को घर का राशन जुटाना है। वहीं, कई किसानों के सामने खेती में लगाई गई लागत और साहूकारों से लिए गए कर्ज को चुकाने की चिंता भी मुंह खोले खड़ी है। उधर, बजाज शुगर मिल में तैनात गन्ना महाप्रबंधक ओमवीर सिंह का कहना है कि दिवाली से पहले किसानों को एक सप्ताह का करीब 12 करोड़ रुपये गन्ना बकाया भुगतान किया जाएगा।
-
- बढेड़ी कोली निवासी किसान सीटू चौधरी का कहना है कि किसान अपने बच्चों को साल में आने वाले त्योहारों पर नए कपड़े और मिठाई दिलाने की इच्छा रखता है, लेकिन गन्ने का भुगतान नहीं मिलने से जरूरी सामान की खरीदारी भी नहीं हो पा रही है।
- इसाकपुर निवासी पलटू राम का कहना है कि खेती में खाद, बीज, डीजल और मजदूरी पर पहले ही काफी खर्च हो चुका है। गन्ने का भुगतान नहीं मिलने से अब घरेलू खर्च चलाने के लिए भी उधार लेना पड़ रहा है। किसान कब तक कर्ज लेकर परिवार का पालन-पोषण करेगा।
- खटोली निवासी आदेश त्यागी का कहना है कि गन्ने का भुगतान केवल त्योहार मनाने के लिए ही जरूरी नहीं है, बल्कि इसी रकम से किसान अगली फसल की तैयारी भी करता है। भुगतान में देरी होने से खाद-बीज खरीदने और खेतों में काम कराने तक में परेशानी आ रही है।
- सुहागनी निवासी प्रवीण चौधरी का कहना है कि दिवाली पर हर परिवार चाहता है कि घर में दीपक जले, बच्चों के चेहरे पर मुस्कान हो और परिवार के सभी सदस्य मिलकर त्योहार मनाएं, लेकिन जब किसान की मेहनत का पैसा ही उसे समय पर नहीं मिलेगा तो वह त्योहार की खुशियां कैसे मना पाएगा।