साखन नहर के समीप अनियंत्रित होकर खाई में पलटी रोडवेज बस।
- फोटो : अमर उजाला
देवबंद में सहारनपुर-मुजफ्फरनगर मार्ग पर बाइक को बचाने के चक्कर में मेरठ डिपो की रोडवेज बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गई। जिसमें करीब एक दर्जन यात्री घायल हो गए। चीख पुकार की आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों ने उनको बस से निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया।
रविवार की अपराह्न करीब चार बजे मेरठ डिपो की बस संख्या यूपी 82टी 4173 सहारनपुर से सवारियां लेकर देवबंद आ रही थी। बस जब साखन नहर के समीप पहुंची तो सामने से आ रहे बाइक सवार को बचाने के चक्कर में चालक का बस से नियंत्रण हट गया और बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे करीब पांच फीट गहराई में पलट गई। बस के पलटते ही यात्रियों में चीख पुकार मच गई। जिसे आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण दौड़कर वहां पहुंचे और बिना समय गंवाई बस के सामने के शीशे तोड़कर लोगों को बाहर निकाला। बस में करीब 45 सवारियां थीं। जिनमें बन्हेड़ा खास निवासी विलायत, आफशां, सतेंद्र, पूनम समेत रिजवान, अभय कुमार, रिजवान, महबूब समेत करीब 12 लोग घायल हो गए। जिन्हें ग्रामीणों ने ही समीप के एक गांव में स्थित चिकित्सक के यहां भर्ती कराया। जिन्हें बाद में छुट्टी दे दी गई।
हादसे में भोपा निवासी बस चालक सोनू और मुजफ्फरनगर निवासी प्रवीण कुमार भी घायल हुए, लेकिन वह वहां से चले गए। काफी देर बाद सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की बाबत पूछताछ करते हुए बस में सवार यात्रियों की दूसरे वाहनों में बैठकर उनके गंतव्य की और रवाना कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस की गति अधिक होने के चलते वह अनियंत्रित होकर पलटी है।