सहारनपुर। राजस्थान में धार्मिक स्थल बालाजी मेहंदीपुर और महावीरजी की यात्रा करने वाले जनपद के श्रद्धालुओं के लिए अब रोडवेज की सीधी बस सेवा मिलेगी। परिवहन निगम ने इनके अलावा जयपुर और अलवर के लिए भी रोडवेज बस चलाई है, जिनका संचालन एक अप्रैल से प्रारंभ होगा। वृंदावन, गोवर्धन और मथुरा जाने वाले श्रद्धालुओं को भी इन बस सेवाओं को लाभ मिलेगा।
कोरोना संक्रमण के कारण दो साल पहले सहारनपुर डिपो से राजस्थान के धार्मिक स्थलों पर चल रही रोडवेज बसों का संचालन बंद कर दिया गया था। अब सब कुछ सामान्य होने पर परिवहन निगम ने फिर से राजस्थान में बसें चलाने का निर्णय लिया है। डिपो के वरिष्ठ केंद्र प्रभारी उपेंद्र शर्मा ने बताया कि एक अप्रैल से राजस्थान के धार्मिक स्थल बालाजी मेहंदीपुर, महावीरजी के अलावा अलवर और जयपुर के लिए बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। मार्गों के अनुसार टाइम टेबिल बना लिया गया है। बालाजी मेहंदीपुर जाने वाली बस वृंदावन, मथुरा, भरतपुर होकर जाएगी। महावीरजी जाने वाली बस भी इसी मार्ग से होकर जाएगी। अलवर जाने वाली बस मेरठ, अलीगढ़, मथुरा, गोवर्धन होकर अलवर जाएगी। जयपुर जाने वाली बस वाया शामली, बागपत, लोनी, दिल्ली, गुरुग्राम, कोठपुतली, शाहपुरा होकर जाएगी। श्री खाटू श्याम धाम जाने वाले श्रद्धालु भी इस बस सेवा से जा सकेंगे।
-सहारनपुर से बालाजी, महावीरजी, अलवर और जयपुर के लिए सीधी बस सेवाएं शुरू की गई हैं। इन बस सेवाओं से धार्मिक स्थलों पर जाने वाले श्रद्धालुओं को लाभ मिलेगा। प्रतिदिन इन बसों को संचालन होगा।
जगदीश सिंह
एआरएम, सहारनपुर डिपो
बस सेवा---------प्रस्थान समय
बालाजी मेहंदीपुर----सुबह 6.15 बजे
महावीरजी-----------सुबह 7.30 बजे
अलवर-------सुबह 8.30 बजे
जयपुर------ दोपहर 1.30 बजे