सहारनपुर। अवैध काॅलोनियों और अवैध निर्माण कार्यों के विरुद्ध विकास प्राधिकरण की कार्रवाई लगातार जारी है। टीम ने बुलडोजर के माध्यम से 62 फुटा रोड पर अवैध रूप से विकसित की जा रही एक काॅलोनी में बनाई गई सड़कों को ध्वस्त किया। इसके अलावा पांच निर्माण कार्यों को सील किया गया।
विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अशीष कुमार ने बताया कि अवैध रूप से विकसित की जा रही काॅलोनियों और अवैध निर्माण कार्यों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रही। शुक्रवार को 62 फुटा रोड स्थित करीब 14 बीघा भूमि में अवैध रूप से विकसित की जा रही एक कालोनी की सड़कों को बुलडोजर की सहायता से ध्वस्त किया गया। इसके अलावा अंबाला रोड पर अवैध रूप से बनाई जा रही चार दुकानों और खाताखेड़ी के राज नगर में करीब दो सौ गज में हो रहे निर्माण कार्य को सील किया गया।
उन्होंने कहा कि अवैध काॅलोनियों और अवैध निर्माण कार्यों के विरुद्ध विकास प्राधिकरण की अभियान जारी रहेगा। इसलिए भवन निर्माण करने से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि काॅलोनी विकास प्राधिकरण से स्वीकृत हो। इसके बाद मानचित्र स्वीकृत कराकर उसके अनुसार ही निर्माण कार्य कराया जाए। इस दौरान अवर अभियंता शमीम अख्तर, मेट विश्वास कुमार शर्मा, अमरनाथ, वैभव, जेसीबी चालक सतेन्द्र कुमार आदि मौजूद रहे।