नानौता में भारी वाहनों से टूटी पड़ी सड़क
- फोटो : SAHARANPUR
नानौता (सहारनपुर)। दिल्ली यमुनोत्री हाईवे निर्माण के लिए ठेकेदार द्वारा उठवाई जा रही मिट्टी से लदे वाहनों के आवागमन से सड़क टूटने से ग्रामीणों में आक्रोश है। उन्होंने एसडीएम से टूटी सड़क का निर्माण कराने की मांग की है।
क्षेत्र के ग्राम कांशीपुर निवासी ग्रामीण रामबीर सिंह चौहान, ओमबीर सिंह, अनिल पुंडीर, पदम सिंह, अजमेर सिंह ने एसडीएम रामपुर मनिहारान को पत्र भेजकर अवगत कराया कि पिछले काफी दिनों से दिल्ली यमुनोत्री हाईवे का निर्माण कार्य चल रहा है। आरोप है कि निर्माणाधीन हाईवे के लिए ठेकेदार द्वारा उनके गांव के संपर्क मार्ग से होते वाहनों से मिट्टी उठवाई जा रही है। मिट्टी ढुलाई में प्रयोग किए जा रहे वाहनों के आवागमन से संपर्क मार्ग (सड़क) का काफी हिस्सा टूट कर गड्ढों में तबदील हो चुका है। इसके कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने एसडीएम से उक्त टूटी हुई सड़क का निर्माण कराने की मांग की है। इस संबंध में मिट्टी ढुलाई ठेकेदार राजकुमार सिंह ने कहा कि उनके द्वारा मिट्टी उठाने के दौरान जो सड़क क्षतिग्रस्त हुई है। उसका आकलन करा कर ठीक कराया जाएगा।