प्रद्युमनगर में शहीद-ए-आजम निवास स्थान के बाहर टूटी सड़क दिखाते शहीद भगत सिंह के भतीजे किरणजीत सि
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। स्वतंत्रता दिवस को लेकर जहां सरकारी कार्यालयों पर सफाई कराई जा रही है, वहीं देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले शहीद ए आजम सरदार भगत सिंह के भतीजे और अन्य लोग जहां रहते हैं, उनके घर के सामने की सड़क छह महीने से टूटी पड़ी है। आवास-विकास स्थित प्रद्युमनगर में शहीद भगत सिंह निवास है, जिसमें उनके भतीजे किरणजीत सिंह संधु परिवार संग रहते हैं। किरणजीत सिंह संधु बताते हैं शहीद - ए - आजम भगत सिंह की माता भी यहां काफी समय यहा रहीं। उनके निवास स्थान के बाहर से लेकर 800 मीटर और बराबर वाली गली की सड़क छह माह से खस्ताहाल है। बताया कि करीब छह माह पूर्व नगर निगम ने नई सड़क बनाने के लिए पुरानी सड़क उखाड़ दी। इसके बाद आगे काम नहीं कराया, जिस कारण सड़क पर मिट्टी पड़ी होने के साथ गड्ढे बने हुए हैं। बरसात के दिनों में स्थिति ज्यादा खराब हो गई है। क्योंकि, थोड़ी देर बारिश होने के बाद ही टूटी सड़क पर पानी भर जाता है। इस वजह से क्षेत्रवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत पर नगर निगम भी ध्यान नहीं दे रहा है।
इसी सप्ताह काम शुरू करा दिया जाएगा। खोदाई के दौरान सड़क में सीवर लाइन भी डाली गई और फिर लॉकडाउन रहा, जिस कारण कार्य में थोड़ा समय लग गया। संबंधित ठेकेदारों को निगम की ओर से निर्देश दिए जा चुके हैं। जल्द ही कार्य पूर्ण कराया जाएगा। - भगत सिंह, भाजपा पार्षद वार्ड 48