रेलवे रोड पर ई-रिक्शा को छोटा हाथी ने टक्कर मार दी, जिसमें ई-रिक्शा चालक घायल हो गया। लोगों ने छोटा हाथी चालक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। बाद में गुस्साए रिक्शा चालकों ने पुलिस चौकी पहुंचकर हंगामा किया।
मोहल्ला पठानपुरा निवासी जमील खान का पुत्र आमिर खान ई-रिक्शा चलाता है। बुधवार की पूर्वाह्न 11 बजे आमिर मजनूवाला रोड से रेलवे स्टेशन की तरफ जा रहा था। जब वह रेलवे रोड स्थित डा. डीके जैन के अस्पताल के समीप पहुंचा तो पीछे से आए छोटा हाथी ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी, जिससे आमिर घायल हो गया।
उसकी ई-रिक्शा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर इकट्ठा हुए लोगों ने छोटा हाथी (गाड़ी) चालक को पकड़ लिया, जिसे बाद में पुलिस को सौंप दिया गया। इसी दौरान सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में रिक्शा चालक रेलवे रोड पुलिस चौकी पहुंच गए और चालक पर कार्रवाई की मांग लेकर हंगामा करने लगे।
रिक्शा चालक आमिर की ई-रिक्शा में हुए नुकसान की भरपाई की मांग भी कर रहे थे। पुलिस ने बमुश्किल मामला शांत कराया। वहीं, घायल आमिर की सीएचसी में मरहम पट्टी कराई गई। कोतवाल विजय प्रकाश ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।