गांव खैरी में सिर पर तसला रख गुजर रही लड़की एचटी लाइन के नीचे लटके तारों की चपेट में आ गई। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
कासमपुर बिजलीघर से जुड़े गांव खैरी निवासी रसूलद्दीन की 16 वर्षीय बेटी फहमीदा सुबह करीब 11 बजे रजबाहे से कपड़े धोने के बाद वापस गांव में आ रही थी।
कपड़ों से भरा तसला उसके सिर पर रखा था। एचटी लाइन के जर्जर एवं नीचे लटके तारों से तसला टच होने पर उसमें करंट दौड़ गया। इससे फहमीदा की मौके पर ही मौत हो गई। परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शव को गांव उठा लाए। हादसे को लेकर ग्रामीणों में विभागीय अधिकारियों के खिलाफ आक्रोश है।
ग्राम प्रधान खुर्शीद अहमद ने बताया कि कई बार एचटी लाइन के जर्जर एवं ढीले तारों के संबंध में विभागीय अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दे चुके हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं की गई। इस लापरवाही की वजह से ही यह हादसा हुआ। तार जमीन से मुश्किल से लगभग चार फीट ऊपर हवा में झूल रहे है।
जेई को हादसे के बारे में सूचना भी दे दी गई, मगर कोई भी मौके पर नहीं पहुंचा। उधर, जेई पवन कुमार का कहना है कि लाइन का इस्टीमेट बनाकर भेज चुके हैं।