सहारनपुर। इंस्टाग्राम पर क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के नाम पर दिखाए गए निवेश विज्ञापन का झांसा देकर सेवानिवृत्त बैंककर्मी से आठ लाख रुपये की साइबर ठगी कर ली गई। ठगों ने पीड़ित को क्वांटम एआई कंपनी में निवेश पर मुनाफे का लालच दिया। बाद में 57.27 लाख रुपये दिलाने के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा कराई गई। साइबर क्राइम पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
थाना कुतुबशेर क्षेत्र में सरबजीत नगर निवासी एवं सेवानिवृत्त बैंककर्मी राजकुमार ढलोत्रा ने तहरीर देकर बताया कि 13 फरवरी 2026 को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो दिखाई दी, जिसमें क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर क्वांटम एआई कंपनी का प्रचार करते हुए निवेश पर मोटे मुनाफे की बात करते नजर आए। पीड़ित ने विज्ञापन के लिंक पर क्लिक कर दिया। इसके तुरंत बाद व्हाट्सएप कॉल आई। ठग ने पंजाब नेशनल बैंक के कलावती देवी नामक खाते में 20,998 रुपये निवेश करने को कहा। 13 फरवरी 2026 को यूपीआई के जरिए 20,998 रुपये ट्रांसफर कर दिए। ठग ने मेसेज भेजकर बताया कि 66 हजार डॉलर का लाभ हो गया है।
60 हजार डॉलर बेचने पर उन्हें 57.27 लाख रुपये मिलेंगे। पीड़ित ने रकम प्राप्त करने की प्रक्रिया पूछी तो ठगों ने डॉलर को भारतीय मुद्रा में बदलने के नाम पर विभिन्न चार्ज बताकर और पैसे जमा कराने शुरू कर दिए। ठगों ने रिजर्व बैंक और सीबी चार्ज के नाम पर 4,86,795 रुपये की अतिरिक्त मांग की। इसी दौरान उन्हें ठगी का पता चला। सात जुलाई 2026 को भी विदेशी नंबरों से व्हाट्सएप कॉल आई।
जिन खातों में रकम ट्रांसफर की गई है, उनकी जांच शुरू हो गई है। जल्दी ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
व्योम बिंदल, एसपी सिटी