चंद्रशेखर सहित 500 अज्ञात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज
सहारनपुर। भीम आर्मी भारत एकता मिशन के स्थापना दिवस और आजाद समाज पार्टी के कैंप कार्यालय के उद्घाटन पर कोविड-19 की गाइडलाइन का उल्लंघन होने पर राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद सहित 500 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। इनमें 30 नामजद हैं, जबकि बाकी अज्ञात हैं।
थाना सदर क्षेत्र में दिल्ली रोड पर मंगलवार को यह कार्यक्रम हुआ था। उससे पूर्व ही पुलिस और एलआईयू की टीमों को अलर्ट किया गया था। कार्यक्रम में चंद्रशेखर के अलावा काफी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए थे। आयोजन में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न होने और काफी अधिक संख्या में लोग जमा होने के चलते पुलिस की तरफ से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इसमें चंद्रशेखर के अलावा भीम आर्मी के अन्य पदाधिकारी विनय रतन, प्रवीण गौतम, अजय गौतम भी नामजद हैं। एसपी सिटी विनीत भटनागर के मुताबिक कोरोना संक्रमण को देखते हुए ऐसे आयोजनों में सोशल डिस्टेंसिंग और क्राउड कंट्रोल का ध्यान रखना जरूरी है। गाइडलाइन का उल्लंघन करने पर ही भीम आर्मी के पदाधिकारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस जांच करने में लगी है।