सहारनपुर। दहेज के लिए विवाहिता को परेशान करने और दुष्कर्म का झूठा मामला दर्ज कराने के आरोप में एक रिटायर इंस्पेक्टर, उसके पुत्र और एक महिला के खिलाफ कोतवाली मंडी में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पीड़ित का आरोप है कि उसकी पुत्री को तीन तलाक भी दिया गया था।
नई दिल्ली के रंजीत नगर निवासी एक व्यक्ति ने मामले की शिकायत डीआईजी से की। डीआईजी के निर्देश पर आरोपियों के खिलाफ कोतवाली मंडी में रिपोर्ट दर्ज की गई। इंस्पेक्टर बबलू वर्मा ने बताया कि नई दिल्ली निवासी पीड़ित व्यक्ति ने दर्ज कराए मामले में बताया कि उसकी पुत्री की शादी कोतवाली मंडी क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी पुलिस महकमे से रिटायर इंस्पेक्टर के पुत्र के साथ दो दिसंबर 2015 में हुई थी। शादी के बाद से ही ससुरालिए उसकी पुत्री से दहेज में 30 लाख रुपये की मांग करते हुए परेशान करते थे। दो सितंबर 2019 को तीन तलाक देकर उसकी पुत्री को घर से निकाल दिया गया। आरोपियों के खिलाफ दिल्ली में दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया गया। आरोप लगाया कि इसी के चलते आरोपियों ने एक महिला के माध्यम से उनके खिलाफ दुष्कर्म का मामला कोतवाली मंडी में दर्ज करा दिया गया। पुलिस की जांच में मामला फर्जी निकला। आरोप है कि आरोपी अब दहेज वाले मामले में समझौता करने का दबाव बना रहे हैं और ऐसा न करने पर जान की धमकी दे रहे हैं, जिस कारण उनका परिवार दहशत में है। पीड़ित ने मामले की शिकायत डीआईजी से की। इंस्पेक्टर बबलू वर्मा ने बताया कि पुलिस ने धमकी देने और दुष्कर्म का झूठा मामला दर्ज कराने के आरोप में विवाहिता के पति, ससुर रिटायर इंस्पेक्टर और महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।