सहारनपुर। चार संदिग्ध लोगों द्वारा सहारनपुर रेलवे स्टेशन और ट्रेनों को बम से उड़ाने की साजिश करने की जानकारी देने वाले के खिलाफ कोतवाली जीआरपी में रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने रेलवे, जीआरपी, आरपीएफ और पुलिस को फर्जी जानकारी देकर ई-मेल कर गुमराह किया है।
सोमवार को रेलवे सिक्योरिटी बार्ड को अंशु शर्मा नाम युवक ने ई-मेल भेजी थी, जिसमें उसने बताया था कि उसने चार संदिग्ध लोगों को सहारनपुर रेलवे स्टेशन और ट्रेनों को बम से उड़ाने की साजिश करते हुए देखा है। पता लगते ही अधिकारियों में हड़कंप मच गया। एसपी सिटी राजेश कुमार ने सोमवार स्थानीय पुलिस, जीआरपी, आरपीएफ, बम निरोधक दस्त और डॉग स्कवॉड के साथ रेलवे स्टेशन पर सघन चेकिंग अभियान चलाया था। जांच में सामने आया है कि रेलवे और पुलिस को अंशु शर्मा नाम के व्यक्ति ने गुमराह किया है। आरोपी ने झूठी जानकारी दी है। एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कोतवाली जीआरपी में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी कौन है और कहां से ई-मेल की गई है, पुलिस इसकी जांच कर रही है। उधर, मंगलवार को भी जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक प्रीता सिंह ने फोर्स के साथ स्टेशन और ट्रेनों में चेकिंग अभियान चलाया है।