- थाना कुतुबशेर क्षेत्र में मानकमऊ का मामला, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
- वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस, युवक को गिरफ्तार कर भेजा जेल
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। थाना कुतुबशेर क्षेत्र के मानकमऊ में संपत्ति विवाद के चलते बेटे ने रिश्तों को शर्मसार किया है। अपने ही पिता को कई थप्पड़ जड़ दिए। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस हरकत में आई और युवक को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।
मामला मानकमऊ का है। सोशल मीडिया पर दो मिनट 26 सेकेंड का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें एक व्यक्ति घर के बाहर बैठे अपने ही बुजुर्ग पिता को थप्पड़ मारते नजर आ रहा है। वीडियो पुलिस तक पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस जांच में सामने आया कि पिता-बेटे के बीच संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी युवक गुलफिशान और उसके पिता को थाने बुलाया।
पूछताछ के दौरान पिता ने अपने बेटे के पक्ष में लिखित रूप से दिया कि वह उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं चाहते हैं। हालांकि, बुजुर्ग के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने और सार्वजनिक व्यवस्था से जुड़े पहलुओं को देखते हुए पुलिस ने खुद संज्ञान लिया। इसके बाद आरोपी गुलफिशान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया।
उधर, एसपी सिटी व्योम बिंदल का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो का संज्ञान लेते हुए युवक पर कार्रवाई की गई है।