सहारनपुर। अदालत के आदेश पर ग्राम पंचायत कांकरकुई में डाले गए मतों की फिर से गणना बुधवार को होगी। इससे पहले तीन बार मतगणना स्थगित हो चुकी है। वर्ष 2021 में हुए मतदान के बाद प्रत्याशी रीना ने री काउंटिंग की मांग करते हुए याचिका दाखिल की थी।
जिले की सभी 884 ग्राम पंचायतों में अप्रैल 2021 में प्रधानी के चुनाव हुए थे। चुनाव नतीजों के बाद ग्राम पंचायत कांकरकुई की प्रत्याशी रीना ने वोटों की गिनती में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए चुनाव याचिका दाखिल की थी। याचिका की सुनवाई उपजिलाधिकारी सदर की अदालत में जारी थी। एसडीएम कोर्ट ने जनवरी 2025 में फिर से वोटों की गिनती कराने के आदेश दिए थे। इस पर मौजूदा प्रधान राजकुमार ने जिला अदालत का दरवाजा खटखटाया था।
मामले से संबंधित याचिका अपर जिला सत्र एवं न्यायाधीश कक्ष संख्या 11 की अदालत में दाखिल की गई। अदालत ने मामले की सुनवाई करते हुए उपजिलाधिकारी की अदालत के आदेशों को सही मानते हुए फिर से काउंटिंग करने के आदेश दिए थे। अदालत के आदेशों के बाद सदर तहसील में बुधवार को सुबह दस बजे से फिर से मतों की गिनती की जाएगी। इसके लिए सभी तैयारियों को पूरा कर लिया गया है।
- 2021 में पड़े थे कुल 1809 मत
वर्ष 2021 में हुए चुनाव में कुल 1809 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। गिनती के दौरान कुल 1771 मत वैध पाए गए। इनमें से मौजूदा प्रधान राजकुमार को 587 मत मिले थे, जबकि याचिकाकर्ता उम्मीदवार रीना को 558 मत मिले थे।
अदालत के आदेश पर कांकरकुई ग्राम पंचायत के प्रधानी चुनाव की मतगणना फिर से कराई जाएगी। इसके लिए तैयारी पूरी कर ली गई है।
- सुबोध कुमार, उपजिलाधिकारी सदर