सहारनपुर। जिले की ग्राम पंचायतों में कायाकल्प अभियान के तहत प्रथम चरण में उन ग्राम पंचायतों में आरसीसी के नाले बनाए जाएंगे, जहां पर जलभराव की समस्या है। इसके लिए जिला पंचायत राज विभाग सर्वे कराएगा। इसके बाद खाका तैयार कर बजट के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
जिले में 25 करोड़ की लागत से 53 ग्राम पंचायतों में कायाकल्प अभियान चलाया गया था। जनपद के 11 विकासखंड में 884 ग्राम पंचायतें हैं। स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्राम पंचायतों में इन दिनों ठोस और तरल कचरे के निस्तारण को लेकर कार्य चल रहे हैं। स्वच्छ भारत मिशन के तहत ही ग्राम पंचायतों में आरसीसी के नाले बनाए जाएंगे और इसके साथ ही नालियों को भी पक्का कराया जाएगा।
पहले चरण में उन ग्राम पंचायतों में सर्वे कराया जाएगा, जिन जगहों पर जलभराव की समस्या है। क्योंकि, पिछले काफी समय से ग्रामीणों द्वारा भी इस समस्या को उठाया जा रहा है। इसके लिए विभाग ने सर्वे के बाद बजट का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजेगा। बजट मिलने के बाद कार्य शुरू होगा। इससे पूर्व कुछ ग्राम पंचायतों में मॉडल के रूप में पक्के नाले बनाए गए थे।
पहले चरण में 30 ग्राम पंचायतें होंगी चिह्नित
आरसीसी के नाले बनाने के लिए पहले चरण में 30 ग्राम पंचायतें चिह्नित की जाएंगी। इसके तहत उन ग्राम पंचायतों को चिह्नित किया जाएगा, जहां बरसात के दौरान जलभराव की अत्यधिक समस्या उत्पन्न होती है और ग्रामीणों को परेशानी झेलनी पड़ती है।
मनरेगा श्रमिकों को मिलेगा रोजगार
इस कार्य को मनरेगा मनरेगा भी शामिल किया गया है। ताकि मनरेगा श्रमिकाें को भी रोजगार मिल सके। विभाग का लक्ष्य है कि नवंबर माह में ही सर्वे को पूरा करा लिया जाए और दिसंबर माह में कार्य शुरू हो जाए।
ग्राम पंचायतों में पक्के नाले और नालियों का निर्माण होना है। इसके लिए सर्वे कराया जाएगा। ग्राम पंचायतों को चिह्नित कर प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा।आलोक शर्मा, जिला पंचायत राज अधिकारी