बेहट (सहारनपुर)। अक्सर गोकशी को लेकर चर्चाओं में रहने वाले थाना मिर्जापुर के रायपुर गांव में गोकशी करने वालों के खिलाफ ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को ग्राम प्रधान अब्दुल कादिर की अध्यक्षता में ग्रामीणों की पंचायत हुई, जिसमें एक कमेटी का गठन किया गया। यह कमेटी गांव में गोकशी करने वालों को पकड़कर पुलिस को सौंपने का काम करेगी।
सोमवार को ग्राम प्रधान की बैठक पर आयोजित पंचायत में सभी ग्रामीणों की सहमति से तय किया गया कि गांव में पूर्ण रूप से गोकशी बंद कराई जाएगी। इसके लिए सभी रजामंदी से कुछ जिम्मेदार लोगों की एक कमेटी का गठन किया गया, जिसे जिम्मेदारी दी गई कि कमेटी गोकशी करने वालों को इस गैर कानूनी कृत्य को करने से रोकेगी, अगर वह नहीं माने तो कमेटी उन्हें पकड़कर पुलिस को सौंपने का काम करेगी।
इसके अलावा पंचायत में जुआ एवं नशाखोरी के खिलाफ भी मुहिम छेडने का सामूहिक निर्णय लिया गया। पंचायत में राव आतिफ, राव आरिफ, सगीर ठेकेदार, रिजवान कुरैशी, अतीकुर्रहमान, अतीक कुरैशी, बुरहान कुरैशी, शमीम, सुभान, फुरकान, इरफान, नसीर समेत अन्य ग्रामीणों की मौजूदगी रही।