सहारनपुर में रासुका में निरुद्ध चल रहे भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर उर्फ रावण ने शनिवार से भूख हड़ताल शुरू कर दी। शनिवार को रावण ने कुछ नहीं खाया। रावण के साथ उनके समर्थकों एवं भीम आर्मी के पदाधिकारियों ने भी एक समय का खाना छोड़ कर भूख हड़ताल में शामिल होने का एलान किया।
हालांकि रावण को जेल प्रशासन ने इसकी अनुमति नहीं दी है। फिर भी रावण ने खाना छोड़ दिया। इससे जेल प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। सुप्रीम कोर्ट द्वारा एससी, एसटी एक्ट में संशोधन के विरोध में दो अप्रैल को किए गए भारत बंद के दौरान हुई हिंसा के मामले में भीम आर्मी एवं दलित समाज के लोगों पर की गई एफआईआर के मामले में भीम आर्मी के संस्थापक एवं सहारनपुर हिंसा के आरोपी जेल में बंद चंद्रशेखर ने शनिवार से भूख हड़ताल शुरू कर दी है।
भीम आर्मी के पदाधिकारियों के अनुसार चंद्रशेखर ने शनिवार सुबह से ही खाना छोड़ दिया है और भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। उन्होंने कहा कि भीम आर्मी के पदाधिकारियों ने जेल अधीक्षक को भूख हड़ताल के संबंध में पत्र दिया था। लेकिन अभी तक जेल अधीक्षक ने पत्र प्राप्ति की प्रति नहीं दी है।
दलितों पर पुलिस अत्याचार होने का हवाला देते हुए इसकी समाप्ति न होने तक चंद्रशेखर ने भूख हड़ताल जारी रखने की चेतावनी दी है। जिससे जेल प्रशासन टेंशन में आ गया है। हालांकि जेल प्रशासन ने रावण को भूख हड़ताल किए जाने की अनुमति न दिए जाने का दावा किया है और रावण को भूख हड़ताल किए जाने के निर्णय पर विचार करने के लिए समय दिया है।
मुकदमे वापस लिए जाने की है मांग
भीम आर्मी के पदाधिकारियों का कहना है कि दलित न्याय के लिए सड़कों पर उतरे और दलित युवक ही मारे गए, फिर दलितों पर ही एफआईआर कर दी और जेल में डाला जा रहा है। यह दलितों के साथ अन्याय है।
दलितों से मुकदमे वापस लिए जाने और पुलिस कार्रवाई बंद किए जाने की मांग को लेकर भीम आर्मी सुप्रीमो रावण ने जेल में भूख हड़ताल शुरू की है।
रविवार को भीम आर्मी के पदाधिकारी जेल के बाहर करेंगे भूख हड़ताल
दलित समाज को न्याय दिलाने के लिए पूरा दलित समाज और भीम आर्मी चंद्रशेखर के साथ है। भीम आर्मी के पदाधिकारी भी रविवार को जिला कारागार के बाहर भूख हड़ताल पर बैठेंगे।
कमल वालिया, जिलाध्यक्ष, भीम आर्मी भारत एकता मिशन, सहारनपुर
भूख हड़ताल का पत्र नहीं लिया
चंद्रशेखर उर्फ रावण की ओर से भूख हड़ताल के संबंध में पत्र आया था। लेकिन उन्होंने भूख हड़ताल की अनुमति नहीं दी है और न ही भूख हड़ताल संबंधी पत्र प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि अब रावण 14 अप्रैल से भूख हड़ताल किए जाने के लिए कह रहा है। फिलहाल रावण ने भूख हड़ताल नहीं की है।
-। डा. वीरेश राज शर्मा, वरिष्ठ जेल अधीक्षक, सहारनपुर