बड़गांव(सहारनपुर)। लगातार हुई बारिश के बाद रत्नहेड़ी-नन्हेड़ा सड़क मार्ग का एक हिस्सा पानी के तेज बहाव में बह गया। सड़क के नीचे से पानी निकालने के लिए डाले गए पाइप पानी का बहाव सह नहीं सके। हालांकि सड़क मार्ग ध्वस्त होने के बाद लोक निर्माण विभाग के राज्य मंत्री बृजेश सिंह के निर्देश पर अधिकारियों ने आनन फानन में डंपरों से मिट्टी डाल कर रास्ता चलने लायक बना दिया।
अभी पिछले दिनों ही इस सड़क मार्ग का चौड़ीकरण किया गया था। ग्रामीणों का कहना है कि ठेकेदार ने यहां पुल बनाने की बजाए बरसाती पानी की निकासी के लिए पाइप दबाकर संपर्क मार्ग का निर्माण कर दिया। यह मार्ग गांव चिराऊ से वाया रत्नहेड़ी, नन्हेड़ा खुर्द व कला तथा पीपलो को जोड़ने के बाद थाना चरथावल की सीमा के गांव बुड्ढाखेड़ा तक जाता है। सोमवार शाम हिंडन में उफान आने के बाद नदी का पानी क्षेत्र में भर गया। इसके बाद हुई तेज बारिश से इस संपर्क मार्ग का पाइप वाला हिस्सा पानी में बह गया। इसके बाद चार गांवों का आवागम बंद हो गया। सोमवार शाम से मंगलवार दोपहर तक ग्रामीणों को दूसरे वैकल्पिक मार्ग से घूमकर जाना पड़ा। हालांकि क्षेत्रीय ग्रामीणों की सूचना पर मंगलवार को राज्य मंत्री बृजेश सिंह ने आनन फानन में कटाव वाले स्थान पर मिट्टी व पत्थर डलवा कर संपर्क मार्ग को चलने लायक बनवा दिया। क्षेत्रीय ग्रामीणों ने कटाव वाले स्थान पर पुल बनवाने की मांग की है।
हिंडन नदी के पुल के पास से बही मिट्टी
बड़गांव। गांव चिराऊ के पास बने हिंडन नदी के पुल की एक साइड की मिट्टी भारी बरसात के कारण नीचे नदी में खिसक गई है। इसके चलते आगामी दिनों में चिराऊ-देवबंद मार्ग बाधित होने की आशंका पैदा हो गई है। गांव चिराऊ निवासी कंवरपाल, प्रमोद फौजी, विनोद फौजी, लक्खी, मामचंद आदि का कहना है कि यदि तीन चार दिन लगातार बारिश होती है तो ज्यादा मिट़्टी कटाव होने से रास्ता बंद हो जाएगा। उन्होंने यहां पत्थर की पैचिंग लगा कर सड़क को सुरक्षित कराने की मांग की है।