सहारनपुर। यदि आप भी अपने सपनों का आशियाना बनाना चाहते हैं तो विकास प्राधिकरण की नई टाउनशिप का शिलान्यास जल्द होने वाला है। इसके लिए प्राधिकरण की तरफ से रेट निर्धारित कर दिए गए हैं। आवासीय प्लाट करीब 29 हजार रुपये गज और व्यवसाय के लिए इससे दोगुना रेट तय किया गया है।
दरअसल, प्राधिकरण चुन्हेटी गाड़ा गांव के पास 52.9751 हेक्टेयर में अपनी पहली टाउनशिप बना रहा है। 200 करोड़ की लागत से टाउनशिप को विकसित किया जाएगा। अभी तक टाउनशिप के रेट को लेकर असमंजस की स्थिति थी, जो काफी हद तक स्पष्ट हो गई है। जमीन खरीद, विकसित करने का बजट आदि सभी लागत को देखते हुए प्राधिकरण की तरफ से तय किया गया है कि टाउनशिप में करीब 29 हजार रुपये गज के हिसाब से आवासीय प्लाट बेचे जाएंगे। हालांकि व्यावसायिक प्लॉट के लिए दोगुने दाम देने पड़ सकते हैं। शिलान्यास के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय को पत्र भेजा गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय से शेड्यूल मिलने के बाद जल्दी ही शिलान्यास कराने की तैयारी की जा रही है। पहले चरण में फेज-1 को लांच किया जाएगा।
- फेज : 1
सेक्टर ए-11.31 हेक्टेयर (444 प्लाॅट)
सेक्टर बी- 9.61 हेक्टेयर (146 प्लाॅट)
सेक्टर डी- 9.72 हेक्टेयर (200 प्लाॅट)
सेक्टर जी- 2.42 हेक्टेयर (केवल भवन निर्माण)
-
- फेज : 2
सेक्टर ई- 7.28 हेक्टेयर (108 प्लाॅट)
सेक्टर एफ- 12.99 हेक्टेयर (538 प्लाॅट)
सेक्टर-सी व्यावसायिक उपयोग के लिए आरक्षित
आवास-विकास परिषद के भी 111 फ्लैट बिक्री के लिए तैयार
सहारनपुर। दिल्ली रोड पर आवास विकास परिषद ने शाकंभरी विहार योजना में करीब चार साल पहले 244 फ्लैट बनाए थे। इनमें 80 फ्लैट वन बीएचके और 160 फ्लैट टू बीएचके के हैं। वन बीएचके फ्लैट 54 गज में बना है, जिसमें एक बैडरूम, एक हॉल, दो टायलेट, एक किचन और एक बालकनी है। टू बीएचके फ्लैट 84 गज में बना है। इसमें दो बैडरूम, एक हॉल, दो टॉयलेट, दो बाथरूम, दो बालकनी, एक किचन शामिल है। अभी तक 143 फ्लैट बिके हैं, जबकि 111 फ्लैट की बिकना बाकी हैं।
नई टाउनशिप में रेट की स्थिति करीब-करीब स्पष्ट हो गई है। कोई भी व्यक्ति वहां पर प्लाट खरीद सकता है। जल्दी ही टाउनशिप का शिलान्यास कराने की तैयारी है।
- विजय शुक्ला, सचिव विकास प्राधिकरण