छुटमलपुर। ग्राम प्रधान पद के एक प्रत्याशी पर मतदाताओं को रसगुल्ले बांटने के आरोप में आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
फतेहपुर थानाध्यक्ष मनोज चौधरी ने बताया कि शुक्रवार रात आठ बजे मुजफ्फराबाद चौकी प्रभारी रोहन सिंह को सूचना मिली कि गांव भूलनी में प्रधान प्रद का प्रत्याशी मतदाताओं को रसगुल्ले बांट रहा है। पुलिस ने गांव में जाकर देखा तो प्रत्याशी नदीम पुत्र रियासत रसगुल्ले बांटता पकड़ा गया। पुलिस ने उससे बरामद दो क्विंटल रसगुल्लों को रात में ही गड्ढा खुदवाकर दबवा दिया। जबकि प्रत्याशी को हिरासत में लेते हुए उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
चुनाव में बांटने के लिए लाई शराब पकड़ी
छुटमलपुर। पंचायत चुनाव में बांटने के लिए लाई जा रही शराब के साथ पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। फतेहपुर थानाध्यक्ष मनोज चौधरी ने बताया कि शनिवार रात नौ बजे पुलिस ने गश्त के दौरान मथाना मोड़ के पास से गांव मांडेबांस निवासी काका पुत्र त्रिलोकचंद को कार सहित पकड़ा। कार से 12 पेटी देशी शराब की बरामद की हैं। एसओ ने बताया कि पूछताछ में काका ने बताया कि वह रेडी गांव निवासी प्रधान पद के एक प्रत्याशी के मंगाने पर शराब लेकर आया था। यह शराब चुनाव में बंटनी थी। पुलिस उसके बयान की सत्यता की जांच कर रही है।