रामनगर चौकी इंचार्ज सहित तीन निलंबित
सहारनपुर। वसूली, फर्जी रिपोर्ट दर्ज करने की धमकी देने और अवैध हिरासत में रखने जैसी शिकायतों और आरोपों पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. एस चनप्पा ने रामनगर चौकी इंचार्ज प्रवेज कुमार, आरक्षी प्रवीण ढाका और संदीप को निलंबित कर दिया है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के रामनगर और लखनौती कला क्षेत्र के कुछ लोगों ने एसएसपी कार्यालय में शिकायत दी थी कि पुलिस लोगों को आपराधिक मामलों में फंसाने की धमकी देकर वसूली कर रही है। तीन युवकों को अवैध रूप से हिरासत में रखकर धमकी देने सहित अन्य प्रकरणों में भी इन पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध रही है। इसके बाद एसएसपी ने एसपी सिटी विनीत भटनागर को जांच की जिम्मेदारी सौंपी है।
दो माह पहले भी विवेचना में लापरवाही और वसूली की शिकायतों पर तीन उपनिरीक्षकों और चार पुलिस कर्मचारियों पर निलंबन की कार्रवाई की जा चुकी है। ऐसे मामलों के बीच एसएसपी ने कई थाना और चौकी प्रभारियों के कार्यस्थल बदल दिए हैं।
------