सहारनपुर। महाकुंभ प्रयागराज जाने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। रेलवे महाकुंभ विशेष ट्रेनें चलाएगा। इसके लिए अंबाला मंडल ने दो विशेष ट्रेनों का प्रस्ताव भेज दिया है।
यह ट्रेनें सहारनपुर से गुजरेगी। अभी तक दो ट्रेनें प्रयागराज जाती है। इनमें वेटिंग चल रही है। विशेष ट्रेनें शुरू होने से यात्रियों का सफर आसान होगा।
सहारनपुर से अप-डाउन में करीब 153 ट्रेनों का आवागमन होता है। अभी 24 ट्रेनें कोहरे के कारण निरस्त चल रही है। 13 जनवरी 2025 से प्रयागराज में महाकुंभ शुरू होने जा रहा है। इसमें सहारनपुर से रोडवेज की 400 बसें जाएंगी। वहीं, रेलवे ने भी महाकुंभ के लिए तैयारी शुरू कर दी है। अंबाला मंडल की ओर से मुख्यालय को दो ट्रेनों का प्रस्ताव भेजा है। इनमें अंब अंदौरा-प्रयाग वाया चंडीगढ़-सहारनपुर, बठिंडा-प्रयाग वाया अंबाला-सहारनपुर शामिल हैं।
यह ट्रेनें अप-डाउन में पांच-पांच फेरे लगाएंगी। प्रस्ताव को हरी झंडी मिलने के बाद ट्रेनों की तारीख घोषित होगी। अभी सहारनपुर से प्रयागराज दो ट्रेनें हैं, जिनमें एक सहारनपुर-प्रयागराज नौचंदी एक्सप्रेस और दूसरी शहीद कैप्टन तुषार महाजन उधमपुर-सूबेदारगंज एक्सप्रेस है। नौचंदी एक्सप्रेस प्रतिदिन चलती है, जबकि उधमपुर से चलने वाली सूबेदारगंज एक्सप्रेस सप्ताह में सोमवार और बृहस्पतिवार को सहारनपुर आती है। इस प्रकार महाकुंभ जाने के लिए चार ट्रेनें हो जाएंगी। हालांकि, नौचंदी और सूबेदारगंज एक्सप्रेस में फिलहाल 50 से 60 वेटिंग चल रही है। लोग एकाएक आरक्षण कराने में लगे हुए हैं।