सहारनपुर। किसानों की लगातार मिल रही शिकायतों के चलते जिला कृषि रक्षा अधिकारी कपिल कुमार मावी ने देवला और गंगोह में छापे मारे। उन्होंने अनियमितता मिलने पर तीन कीटनाशक विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित कर दिए।
शनिवार को जिला कृषि रक्षा अधिकारी ने विभागीय टीम के साथ देवला और गंगोह क्षेत्र की 11 कीटनाशक विक्रेताओं की दुकानों पर छापा मारा। उन्होंने दुकानों पर न सिर्फ स्टॉक चेक किया बल्कि संबंधित बिल और आवश्यक प्रपत्रों की भी जांच की। जिला कृषि रक्षा अधिकारी कपिल कुमार मावी ने बताया कि किसान लगातार अधोमानक कीटनाशक बिक्री की शिकायत कर रहे थे।
इस पर छापे की कार्रवाई की गई। गंभीर अनियमितता पाए जाने पर देवला के दो और गंगोह के एक कीटनाशक विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। 11 दुकानों की जांच कर कीटनाशकों के पांच नमूने लिए है। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजा जाएगा।