पुलिस गिरफ्त में नशा तस्कर। स्त्रोत-पुलिस
- फोटो : udhampur
सहारनपुर। मेरठ की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की टीम ने थाना मंडी क्षेत्र में छापा मारकर 62 लाख रुपये की चरस पकड़ी है। दो नशा तस्करों से गिरफ्तार किया है। इनके पास से छह किलो 200 ग्राम चरस बरामद हुई। यह तस्कर नेपाल से चरस लाकर सहारनपुर, शामली और गाजियाबाद में सप्लाई करते थे।
मेरठ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की टीम को सूचना मिली थी कि नेपाल से चरस लाई जा रही है और उसकी सप्लाई सहारनपुर में होनी है। टीम सहारनपुर पहुंची। एएनटीएफ व पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पीर वाली गली में छापा मारा और यहां से महेंद्र भर निवासी लोहरोला जिला कपिलवस्तु नेपाल व शादाब उर्फ हक्कल निवासी मोहल्ला खेल कलां जिला शामली को गिरफ्तार किया है। तस्कर महेंद्र भर ने बताया कि वह नेपाल से चरस की सप्लाई करता है।
पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में चरस का बड़ा नेटवर्क है। वह नेपाल से चरस लाकर शादाब को बेचता है।
इसके बाद शादाब चरस को सहारनपुर, शामली, गाजियाबाद समेत पश्चिमी यूपी के कई जिलों में सप्लाई करता है। उधर, एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि नशा तस्कर महेंद्र भर पर दो और शादाब पर तीन मुकदमे हैं। इनका अन्य आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।