सहारनपुर में पहुंचे राहुल गांधी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी मंगलवार की शाम सहारनपुर पहुंच गए। उन्होंने पहुंचते ही वुड कार्विंग इंडस्ट्री का दौरा कर उद्यमियों से बात की और उनकी समस्या जानी। इस दौरान लोगों में उनको देखने के लिए खासा क्रेज नजर आया। राहुल के दौरे को लेकर कांग्रेसियों में खासा उत्साह है।
मंगलवार की शाम राहुल गांधी सीधे सर्किट हाउस पहुंचे। उन्होंने अचानक ही सहारनपुर के प्रसिद्ध वुड कार्विंग से जुड़े उद्यमियों से मिलने की इच्छा जताई।
आनन-फानन में उनको सहारनपुर वुड कार्विंग मैन्यूफेक्चरिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष शेख फैजान अहमद की फर्नीचर इंडस्ट्री ले जाने का कार्यक्रम बनाया गया। इसके तुरंत बाद एसपीजी की टीम ने इंडस्ट्री पहुंचकर तलाशी शुरू कर दी।
अंदर रखे एक-एक सामान की मेटल डिटेक्टर से जांच की गई। डॉग स्कावायड की टीम ने भी दो मंजिला इंडस्ट्री को पूरा छाना। सूचना मिलते ही थाना कुतुबशेर पुलिस मौके पर पहुंच गई। एक-एक कर्मचारी की तलाशी ली गई।
एसोसिएशन से जुड़े तमाम पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे। शाम पूरे 6:55 मिनट पर राहुल गांधी ने इंडस्ट्री में एंट्री की। उनको देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़े थे। उन्होंने अंदर घुसते ही पांच-छह मिनट एसोसिएशन के सदस्यों से बात की।
बाद में उन्होंने पूरी इंडस्ट्री में घूमकर शेख फैजान और कारीगरों से बात की। 7:16 बजे वह इंडस्ट्री से निकलकर सर्किट हाउस चले गए। उनके साथ वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष इमरान मसूद, जिलाध्यक्ष शशी वालिया, मुकेश चौधरी आदि कांग्रेसी थे।