सहारनपुर। नगर निगम की टैक्स प्रणाली एक बार फिर चर्चाओं में है। इसे टैक्स बिलों में त्रुटि कहें या फिर विभाग का खेल, कारण कोई भी हो सकता है, लेकिन हैरान करने वाला है। एक ही भवन का टैक्स जो 642 रुपये था वह 12 दिन बाद एक लाख 62 हजार 613 रुपये हो गया। खास बात यह है कि जब भवन स्वामी ने निगम के अधिकारियों से शिकायत की तो टैक्स घटकर 13,838 रुपये रह गया।
दरअसल, महानगर के नवाबगंज चौक पर एक संपत्ति 4/1667, 1/2 पार्ट है। सबसे पहले नगर निगम ने दस मई 2024 को इस भवन पर 642 रुपये का टैक्स लगाया, जिसका बिल भेजा गया था।
इसके बाद 22 मई यानी 12 दिन बाद एक ओर बिल जारी किया गया, जो 1,62,613 रुपये का था। इसके बाद तीसरा बिल सात नवंबर 2024 को जारी किया गया। मामले को लेकर शिकायत की गई, जिसके बाद अब यह घटकर 13,838 रुपये किया गया। सवाल यह है कि क्या यह लिपिकीय त्रुटि के कारण हुआ या फिर इसमें कम करने के लिए खेल हुआ।
इस तरह का यह पहला मामला नहीं है। पूर्व में कमेला कॉलोनी की भवन संख्या 11/6459 को लेकर सवाल उठे थे।
इस भवन को वर्ष 2022-23 में 58,196 रुपये का बिल भेजा गया था, लेकिन बाद में इसे घटाकर 7,355 रुपये कर दिया गया। 2023 में विजयनगर अंबाला रोड पर भवन संख्या 11/2503, 2503/1 का बिल पहले 2,29,918 रुपये भेजा गया। इसके बाद यह बिल घटाकर 28,156 रुपये कर दिया गया।