सहारनपुर। बासमती की प्रजाति 1509 के साथ ही बासमती की 1121 और पूसा नंबर-1 प्रजातियों के भाव में भी गत वर्ष की अपेक्षा गिरावट है। पिछले साल तीन हजार रुपये प्रति क्विंटल तक बिकने वाली बासमती की 1121 प्रजाति का रेट इस बार 2200 से 2600 रुपये प्रति क्विंटल चल रहा है। पूसा बासमती नंबर-1 का भाव भी गत वर्ष से कम चल रहा है। जनपद में धान की खेती करीब 60 हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल में होती है। इसमें से 48 हजार हेक्टेयर में बासमती धान की विभिन्न प्रजातियां और 12 हजार हेक्टेयर में मोटा धान की खेती हो रही है।
बड़गांव क्षेत्र ग्राम सिसौनी निवासी किसान जनेश सिंह ने बताया कि उन्होंने 1121 बासमती पिछले वर्ष 2980 रुपये प्रति क्विंटल बेची थी, जबकि इस बार 2200 रुपये प्रति क्विंटल बेचनी पड़ी। इसके चलते बासमती धान की खेती से मोहभंग हो गया है।
नागल क्षेत्र के गांव मीरपुर मोहनपुर निवासी अर्जुन वालिया ने बताया उन्होंने धान की 1509 वैरायटी लगा रखी थी। जो इस बार 1700 रुपये प्रति क्विंटल की दर से बिकी, जबकि पिछली बार 2600 रुपये प्रति क्विंटल के भाव से बेची थी।
दैदपुरा गांव निवासी किसान चौधरी तिरसपाल सिंह ने बताया कि बासमती 1121 इस बार 2500 रुपये क्विंटल बिक रही है। पिछली बार इसका रेट 3000 रुपये था। पूसा बासमती-1 (तूड़ल) 2750 रुपये क्विंटल बिक रही है, जबकि पिछली बार इसका रेट 3200-3300 रुपये तक था।
गंगोह क्षेत्र के गांव कुंडा कलां निवासी किसान इकबाल राव ने बताया कि उन्होंने गत सीजन में 3000 रुपये तक बिकने वाली बासमती पूसा नंबर-1 इस बार 2500 से 2600 रुपये प्रति क्विंटल की दर से बिक रही है। इसके चलते किसान मायूस हैं।
मंडी समिति के सचिव अशोक गुप्ता ने बताया कि मांग में कमी के चलते बासमती धान के भाव में इस बार गिरावट है। गत वर्ष की तुलना में इस बार सभी प्रकार की बासमती के भाव कम चल रहे हैं।
1054 मीट्रिक टन हो चुकी है धान की सरकारी खरीद
प्रभारी जिला खाद्य विपणन अधिकारी अरुण कुमार टैग ने बताया कि जिले के 21 क्रय केंद्रों पर धान की सरकारी खरीद हो रही है। इन क्रय केंद्रों पर अभी तक 1054 मीट्रिक टन धान की खरीद हो चुकी है। 301 किसानों से यह खरीद हुई है। उन्होंने बताया कि सरकारी क्रय केंद्रों पर मानक के अनुरूप आने वाला सारा धान खरीदा जाएगा।
किसान तिरसपाल सिंह- फोटो : SAHARANPUR
किसान अर्जुन वालिया- फोटो : SAHARANPUR
किसान इकबाल राव- फोटो : SAHARANPUR