घर-घर पाइपलाइन से पहुंचाया जाएगा शुद्ध जल
सहारनपुर। जनपद के 369 गांवों में घर-घर शुद्ध जल पहुंचाने की योजना परवान चढ़ने जा रही है। इसका सर्वे लगभग पूरा कर लिया गया है। गांवों में जल्द पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू होगा। इसको लेकर जिला विकास विभाग और जल निगम ने रूपरेखा तैयार कर ली है।
हर घर नल-हर घर जल योजना के तहत जनपद के 11 विकासखंड की 884 ग्राम पंचायतों में जिला विकास विभाग और जल निगम की ओर से पाइपलाइन बिछाई जानी है। इसके तहत हर घर में टंकी से शुद्ध पेयजल पहुंचाया जाएगा। पहले चरण में 369 गांव चिह्नित किए थे, लेकिन त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की वजह से काम अटक गया था और सर्वे ही पूरा नहीं हो पाया था, लेकिन दोनों विभाग की ओर इन सभी गांवों का सर्वे अब लगभग पूूरा करा लिया गया है।
जून के अंतिम सप्ताह में पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इन गांवों के लिए 280 नलकूप भी लगाए जाने हैं, जिसके लिए जगह चिह्नित कर ली गई है, लेकिन पहले पाइपलाइन बिछाने का कार्य होगा। साथ ही वाटर ओवर हैड टैंक भी बनाए जाएंगे।
दूषित पेयजल वाले गांवों को प्राथमिकता
जिले में देवबंद और बड़गांव क्षेत्र में हिंडन नदी के किनारे के कुुछ गांव ऐसे है, जहां पर हैंडपंपों से दूषित पेयजल निकलता है, जिसकी वजह से बड़ी संख्या में लोग बीमार भी हुए हैं और जान भी गई। ऐसे गांवों को इस योजना में प्राथमिकता दी जाएगी। इन गांवों में पहले चरण में कार्य को पूरा कराया जाएगा।
1400 नलकूपों से होगी जलापूर्ति
पूरे जनपद में ग्रामीण क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाई जाएगी। दूसरे चरण में योजना को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत जनपद की 884 ग्राम पंचायतों और उनके मजरों में जलापूर्ति के लिए 1400 नलकूप लगाए जाएंगे। बाद में जिनकी देखरेख ग्राम पंचायत स्तर पर की जाएगी।
पहले चरण में कार्य जल्द शुरू हो जाएगा। इसको लेकर सर्वे भी लगभग पूरा हो गया है। दूसरे चरण में योजना को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। दूषित पेयजल वाले गांवों को प्राथमिकता दी गई है। - मंशाराम यादव, जिला विकास अधिकारी