सहारनपुर। मंगल बाजार को मेला गुघाल स्थल पर शिफ्ट करने का दुकानदारों और लकड़ी व्यापारियों ने जमकर विरोध किया। एक ओर जहां अनेक दुकानदारों ने मेला गुघाल स्थल पर जाने से मना कर दिया, वहीं मेला गुघाल क्षेत्र की लकड़ी मंडी के व्यापारियों ने भी नगरायुक्त संजय चौहान से मिलकर आपत्ति जताई।
नगर निगम शहीद गंज, लोहानी सराय, नेहरू मार्केट, रायवाला क्षेत्र में कई दशकों से लग रहे मंगल बाजार को मेला गुघाल स्थल पर शिफ्ट कर रहा है। इसी मंगलवार से मंगल बाजार मेला गुघाल स्थल पर ही लगना था। जिन दुकानदारों को मेला गुघाल स्थल पर जगह आवंटित हो गई वह तो मंगलवार को दुकान लगाने के लिए वहां पहुंच गए, लेकिन बाकी सभी सामान लेकर नेहरू मार्केट, लोहानी सराय और शहीद गंज आदि पहुंचे। पुलिस ने पहुंचकर उनको हटाने का प्रयास किया, लेकिन सैकड़ों की संख्या में दुकानदारों के पहुंचने और हजारों ग्राहकों के पहुंचने से पुलिस रोकने में नाकाम रही।