सहारनपुर के चिलकाना में शाकंभरी देवी से वापस आ रही श्रद्धालुओं की कार तथा ट्रैक्टर-ट्राली में आमने सामने की टक्कर हो गई। इसमें चार लोग गंभीर रुप से घायल हो गए जिनमें से एक सरसावा नगर पालिका के सभासद की इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई।
जबकि कार सवार सगे भाई बहन को गंभीर हालत में हायर सेंटर भेजा गया है। बृहस्पतिवार को दोपहर करीब 12 बजे सरसावा नगर पालिका के सभासद और यहां की रामविहार कालोनी निवासी संदीप काम्बोज (40) अपने पुत्र दस वर्षीय बेटे कशिश तथा पड़ोसी अक्षय पुत्र शिव कुमार, मोहल्ला
चौधरियान निवासी सगे भाई बहन अमित एवं पूनम के साथ शाकंभरी देवी मंदिर में प्रसाद चढ़ा कर आल्टो कार से वापिस आ रहे थे। गांव पठेड़ में बिजलीघर के पास मोड़ पर चिलकाना की तरफ से खनन लेने के लिए आ रही ट्रैक्टर-ट्राली तथा कार में भिड़ंत हो गई।
भिड़ंत में ट्रैक्टर-ट्राली सड़क किनारे पलट गई तथा कार के परखच्चे उड़ गये। राहगीरों ने पुलिस को सूचना देकर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को पहले सीएचसी सुल्तानपुर भेजा गया।
यहां से प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को 108 की मदद से जिला अस्पताल रैफर कर दिया। गंभीर रूप से घायल संदीप कांबोज की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
जबकि अमित और उसकी बहन पूनम को गंभीर होने के कारण हायर सेंटर रैफर कर दिया गया। अक्षय और कशिश का सहारनपुर के एक निजी नर्सिंग होम में उपचार चल रहा है।
हादसे के बाद पुलिस ने दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया। चिलकाना एसओ सतीश त्यागी ने बताया कि मृतक के चचेरे भाई राजकुमार की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।