सहारनपुर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के मेरठ खंड स्नातक एवं मेरठ खंड शिक्षक निर्वाचन को पारदर्शी और निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के लिए मुख्य विकास अधिकारी डॉ. सुनील कुमार वर्मा की अध्यक्षता में बैठक कलक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में हुई। उन्होंने सभी आवश्यक तैयारियों को समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने निर्देश दिए कि अधिकारी को सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध एवं निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्वाहन किया जाए। उप जिला निर्वाचन अधिकारी सलिल कुमार पटेल ने बताया कि नामांकन की अंतिम तिथि छह अक्तूबर है। नामांकन पत्रों की जांच सात अक्तूबर व नाम वापसी की अंतिम तिथि नौ अक्तूबर है। मतदान 23 अक्तूबर को सुबह आठ बजे से दोपहर चार बजे तक होगा। मतगणना 27 अक्तूबर को मेरठ में होगी।
जिले में 19 मतदान केंद्रों पर 80 मतदान स्थल निर्धारित किए गए हैं। जहां पर 22,778 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मेरठ खंड शिक्षक निर्वाचन के लिए 14 मतदान केंद्रों पर 15 मतदान स्थल बनाए गए हैं, जहां 4,421 मतदाता मतदान करेंगे। उन्होंने मतदान कार्मिकों की नियुक्ति एवं प्रशिक्षण की व्यवस्था जनमंच प्रेक्षागृह में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। रेनबो स्कूल में 23 से 25 अक्तूबर तक पीईटी परीक्षा प्रस्तावित होने के चलते मतदान पार्टियों के प्रस्थान स्थल में आवश्यक बदलाव करने के भी निर्देश दिए।