सहारनपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मतदाता सूची प्रकाशन की तैयारियां पूरी हो गईं हैं। बृहस्पतिवार को रात आठ बजे तक भी निर्वाचन कार्यालय में कार्य चलता रहा। प्राप्त दावे और आपत्तियों का निस्तारण हो चुका है। इसके चलते आज (शुक्रवार) मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन हो जाएगा।
दरअसल, त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तारीख तो अभी घोषित नहीं है, लेकिन चुनाव के लिए सभी तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची प्रकाशन के लिए 22 जनवरी की तारीख तय कर रखी थी, जबकि 27 दिसंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन हुआ था, जिसमें जिले की सभी ग्राम पंचायतों में 1829645 मतदाता शामिल थे। इसके बाद मतदाता सूची पर दावे और आपत्तियां प्राप्त कर उनका निस्तारण कराया गया। मतदातान सूची में एक ही व्यक्ति के कई कई बार नाम दर्ज होने और कई मतदाताओं का नाम काटे जाने जैसी शिकायतें हुईं।
वहीं, पता चला है जिले की सभी 884 ग्राम पंचायतों से मतदाता सूची के संबंध में करीब 49 हजार दावे और आपत्तियां प्राप्त हुई। इनमें परिवर्धन (नाम जोड़ना), विलोपन (नाम हटवाने) और संशोधन कराने के संबंध में निर्धारित प्रारूप पर फार्म भरवाए गए।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने बताया कि पंचायत चुनाव की मतदाता सूची प्रकाशन के संबंध में आयोग की तरफ से जो शेडयूल निर्धारित किया गया, उसी अनुरूप कार्य किया जा रहा है। इसी के चलते शुक्रवार को मतदाता सूची का प्रकाशन कराया जाएगा।
---- निर्वाचन कार्यालय में रात तक चला कार्य
जिला निर्वाचन कार्यालय (पंचायत) के कार्यालय में बृहस्पतिवार को रात आठ बजे के बाद तक अधिकारी और कर्मचारी बैठे नजर आए। शासन द्वारा बनाए गए सॉफ्टवेयर पर मतदाता सूची संबंधी मसौदा अपलोड करने का कार्य किया जा रहा था। ताकि शुक्रवार को मतदाता सूची का प्रकाशन कराया जा सके।