सहारनपुर। नगर निगम ने अंबाला रोड स्थित परिवहन निगम के बस अड्डे को मानकमऊ में शिफ्ट करने की तैयारी कर ली है। इसी माह अड्डा शिफ्ट करना है, लेकिन परिवहन निगम के अधिकारी अभी इसके लिए राजी नहीं हैं। उनका तर्क है कि मानकमऊ में जगह कम है, बसों का संचालन बाधित होगा, जिससे आर्थिक नुकसान होगा।
अंबाला रोड स्थित परिवहन निगम का बस अड्डा नगर निगम की भूमि पर संचालित हो रहा है। नगर निगम स्मार्ट सिटी योजना के तहत अंबाला रोड स्थित उक्त भूमि पर मल्टी स्टोरी कॉम्पलेक्स बनाने जा रहा है। ऐसे में बस अड्डे को वहां से हटाया जाना है। इसके लिए परिवहन निगम को मानकमऊ में जगह मुहैया करा रहा है, जहां भूमि को समतल करने के बाद खड़ंजा बिछाकर दिया जाएगा।
नगर निगम का निर्माण विभाग इस कार्य में जुटा है। निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि तीन दिन में खड़ंजा तैयार हो जाएगा। शौचालय पहले से बना हुआ है। नगर निगम की ओर से परिवहन निगम को पत्र लिख कर बस अड्डे को मानकमऊ में शिफ्ट करने को कह दिया है।
हैरत की बात यह है कि परिवहन निगम के अधिकारी इस तरह के पत्र और बस अड्डे को शिफ्ट किए जाने से अनभिज्ञ हैं। उनका कहना है कि उन्हें पत्र की कोई जानकारी नहीं है। यह भी बताया कि अंबाला रोड स्थित बस अड्डे से प्रतिदिन करीब 500 फेरे बसों के लगते हैं। यदि मानकमऊ में गए तो वहां 25 बसें भी खड़ी करने की जगह नहीं है। फेरे भी 500 से घटकर 100 पर आ जाएंगे। जिससे परिवहन निगम को भारी नुकसान होगा।
इसलिए भी बाहर जाने हैं बस अड्डे
परिवहन निगम के दोनों बस अड्डे शहर के बीच से संचालित हो रहे हैं। इनमें एक अंबाला रोड तो दूसरा रेलवे रोड पर रेलवे स्टेशन के बाहर है। दोनों बस अड्डों की बसें घंटाघर से होकर शहर के बीच से निकलती हैं। इनकी वजह से जाम की समस्या रहती है। लंबे समय से बस अड्डों को शहर से बाहर शिफ्ट करने की मांग उठ रही है। मगर बस अड्डे अभी तक शिफ्ट नहीं हो सके हैं।
वर्जन
अंबाला रोड स्थित बस अड्डा मानकमऊ शिफ्ट करने संबंधी कोई पत्र नगर निगम की ओर से नहीं मिला है। मानकमऊ में जिस जगह पर बस अड्डा शिफ्ट करने को कहा जा रहा है वहां 25 बसें भी नहीं खड़ी हो सकती हैं। वहां बस अड्डा ले जाने से बसों के चक्कर भी कम हो जाएंगे, जो परिवहन निगम के फायदे में नहीं होगा।
जगदीश सिंह, एआरएम, परिवहन निगम सहारनपुर।
------ वर्जन
अंबाला रोड पर संचालित परिवहन निगम के बस अड्डे को मानकमऊ में शिफ्ट किया जाना है। परिवहन निगम के अधिकारियों को पत्र लिखकर जल्द से जल्द मानकमऊ में शिफ्ट हो जाने को कहा गया है।
ज्ञानेंद्र सिंह, नगरायुक्त/सीईओ, स्मार्ट सिटी सहारनपुर।
-------
जगदीप कुमार -- आनंद