सहारनपुर। माना जा रहा है कि कोरोना की तीसरी लहर बच्चों को प्रभावित करेगी। यही वजह है कि सरकार ने प्रत्येक जनपद और हर मेडिकल कॉलेज में पीआईसीयू (पीडियाट्रिक आईसीयू) बनाने के आदेश दिए हैं। जिसके अनुपालन में राजकीय मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में पीआईसीयू बनाने की तैयारी शुरू हो गई है।
शेखुल हिंद मौलाना महमूद हसन मेडिकल कॉलेज में पांच बेड का पीआईसीयू पहले से था, मगर दूसरी लहर में कोरोना के गंभीर मरीजों की संख्या बढ़ने पर उसे आईसीयू में बदल दिया गया है। कॉलेज प्राचार्य डॉ. अरविंद त्रिवेदी ने बताया कि शासन ने पीआईसीयू बनाने के आदेश दिए हैं। मेडिकल कॉलेज में 25 बेड का पीआईसीयू बनाने की तैयारी है, जिसके लिए जगह चिह्नित की जा रही है। तीसरी लहर से पहले पीआईसीयूू तैयार कर दिया जाएगा।
पीआईसीयू बनाया जाना प्रस्तावित
एसबीडी जिला अस्पताल में अभी पीआईसीयू नहीं है। यहां 36 बेड का बच्चा वार्ड है। चिकित्सकों के चार पद स्वीकृत हैं। वर्तमान में तीन चिकित्सक तैनात हैं, जिनमें दो स्थाई और एक संविदा का है। उधर, जिला महिला अस्पताल में नवजात बच्चों के लिए 15 बेड का आईसीयू है। एसबीडी जिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. आभा वर्मा और जिला महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. ममता सोढ़ी ने बताया कि भविष्य में कोरोना संक्रमित बच्चों (12 वर्ष की आयु तक) के लिए पीआईसीयू बनाने की तैयारी है, जिसके लिए नई बिल्डिंग का चयन किया गया है।