नेशनल मेडिकल काउंसिल के दौरे को लेकर मेडिकल कालेज में तैयारी शुरु
सहारनपुर/सरसावा। राजकीय मेडिकल कॉलेज में नेशनल मेडिकल काउंसिल के प्रस्तावित दौरे को लेकर वृहद स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। प्राचार्य ने बताया कि मेडिकल कॉलेज के सभी डॉक्टर, प्रोफेसर, एचओडी आदि को उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
राजकीय मेडिकल कॉलेज पिलखनी में राष्ट्रीय चिकित्सा परिषद का दौरा प्रस्तावित है। इसके लिए मेडिकल कॉलेज के सभी विभाग सक्रियता के साथ कार्य कर रहे हैं। इस विषय में कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अरविंद त्रिवेदी ने बताया कि नेशनल मेडिकल काउंसिल का दौरा मुख्यत: कॉलेज की व्यवस्थाओं को जानने के लिए होता है, जिसमें कॉलेज में संचालित प्रत्येक कार्य की बिंदुवार समीक्षा होती है। इसी आधार पर मेडिकल कॉलेज में सीटों का आवंटन, कॉलेज की मान्यता नए कोर्सों का सृजन आदि शामिल है।
प्राचार्य ने बताया कि मेडिकल कॉलेज प्रशासन द्वारा अनेक प्रस्ताव पूर्व में चिकित्सा परिषद को भेजे जा चुके हैं। मेडिकल कॉलेज में एमडी कोर्स में सीटें बढ़वाने का भी काफी प्रयास चल रहा है। एनएमसी के दौरे को सफल बनाने के लिए कॉलेज में कार्यरत सभी डॉक्टर्स, प्रोफेसर, एचओडी आदि को सचेत करते हुए शत प्रतिशत उपस्थिति के निर्देश दिए गए हैं। आपातकालीन सेवाएं भी सुचारु रूप से कार्य कर रही हैं। इसके अलावा ऑक्सीजन प्लांट, वेंटिलेटर, ऑक्सीजन का दबाव आदि भी सामान्य रूप से कार्य कर रहे हैं।