सहारनपुर। स्नातक और स्नातकोत्तर कक्षाओं की परीक्षाएं जुलाई माह में शुरू हो रही हैं। कोरोना के चलते महाविद्यालय करीब डेढ़ साल से बंद चल रहे हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को परीक्षाओं की तैयारी अपने आप करनी पड़ रही है। तैयारी के लिए वह किताबों और मॉडल पेपर के साथ ही सोशल मीडिया का भी सहारा ले रहे हैं। परीक्षाओं की तैयारियों को लेकर कुछ विद्यार्थियों से बात की गई। ज्यादातर विद्यार्थी तैयारी को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नहीं हैं। उनके भीतर एक भय सा बना हुआ है। पेश है रिपोर्ट...
यूट्यूब की वीडियो से ले रही मदद
जेवी जैन कॉलेज की बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा आचिका बंसल की परीक्षाएं दो जुलाई से शुरू हो रही हैं। साल भर कॉलेज नहीं खुला। प्रैक्टिकल भी नहीं हुए हैं, लेकिन आचिका परीक्षाओं के लिए पूरी तरह तैयार है। आचिका ने बताया कि वह सेल्फ स्टडी कर रही हैं। परीक्षाओं की तैयारी के लिए किताबों के साथ ही यूट्यूब की वीडियो का भी सहारा ले रही हैं।
व्हाट्सएप ग्रुप पर होती है चर्चा
जेवी जैन कॉलेज की बीकॉम तृतीय वर्ष की छात्रा रितिका यादव की परीक्षाएं 24 जुलाई से शुरू होंगी। रितिका ने बताया कि वह कॉलेज की लाइब्रेरी से किताबें लेकर तैैयारी कर रही हैं।
रितिका ने बताया कि उन्होंने छात्राओं का व्हाट्सएप ग्रुप बनाया हुआ है, जिस पर परीक्षाओं की तैयारी को लेकर लगभग हर रोज डिस्कशन होता है।
मॉडल से नहीं होती तैयारी
बीए तृतीय वर्ष के छात्र सागर ने बताया कि कॉलेज बंद होने की वजह से परीक्षाओं की तैयारी पूरी तरह प्रभावित है। सात जुलाई से परीक्षाएं होनी हैं। केवल मॉडल पेपर से तैयारी की जा रही है, जो ठीक से नहीं हुई है। केवल पास होने लायक नंबर ही आने की उम्मीद है।
ऑनलाइन कर रहे पढ़ाई
महाराज सिंह कॉलेज के एमएससी चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र गौतम ने बताया कि कॉलेज उनकी ऑनलाइन कक्षाएं चला रहा है। ऑनलाइन ही उनको नोट्स उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिनसे वह तैयारी कर रहे हैं। इसके अलावा मोबाइल पर गूगल की मदद भी पढ़ाई में ली जा रही है।
गौतम- फोटो : SAHARANPUR
आचिका बंसल- फोटो : SAHARANPUR
रितिका- फोटो : SAHARANPUR