शांतिपूर्ण माहौल में हुई जुमे की नमाज
नकुड़/रामपुर मनिहारान/छुटमलपुर (सहारनपुर)। नागरिकता कानून के विरोध में चल रहे प्रदर्शन के मद्देनजर जिले के देहात क्षेत्र में पुलिस प्रशासन चौकन्ना रहा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार गश्त पर रहे। जुमे की नमाज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली।
नकुड़ में एसडीएम पीएस राणा तहसील क्षेत्र में भ्रमण कर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते रहे। जुमे की नमाज को लेकर कोतवाल सुशील सैनी पुलिस बल के साथ कस्बे धार्मिक स्थलों एवं संवेदनशील स्थानों पर गश्त करते रहे। एसडीएम पीएस राणा ने बताया कि तहसील क्षेत्र में कहीं पर भी कोई विरोध प्रदर्शन नहीं हुआ। तहसील क्षेत्र में पूरी तरह शांति बनी रही। उन्होंने लोगों से शांति बनाये रखने की अपील की। उन्होंने बताया कि तीतरों के एक मदरसे में कुछ लोगों ने शांति पूर्ण तरीके से नागरिकता कानून के विरोध में थाना प्रभारी को मौके पर बुलाकर मांगपत्र सौंपा है। सेक्टर मजिस्ट्रेट विजय तिवारी, सब सेक्टर मजिस्ट्रेट राकेश गुप्ता भी नगर के मोहल्लों में स्थिति का जायजा लेते रहे।
रामपुर मनिहारान में नागरिकता संशोधन अधिनियम बिल को लेकर किए जा रहे प्रदर्शन को लेकर एसडीएम एसपी सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी यतेंद्र नागर, थाना प्रभारी उमेश रोरिया के नेतृत्व में सुरक्षा को लेकर नगर में फ्लैग मार्च निकाला। एसडीएम एसपी सिंह ने सभी नागरिकों से आपसी भाईचारे की अपील की। जामा मस्जिद से जुमे की नमाज अता करने के बाद थाना प्रभारी उमेश रोरिया ने शहर काजी आत्मादुल्हक़, अदील अहमद, काजी नदीम, मोती अहमद आदि से अमन चैन को बनाए रखने की अपील की।
छुटमलपुर में सीडीओ प्रणव सिंह और तहसीलदार हर्ष चावला सुबह से लेकर जुमे की नमाज के बाद तक घास मंडी तिराहे पर कैंप किए। एसओ अमित शर्मा, राजस्व निरीक्षक चंद्रपाल सिंह, निरीक्षक केपी सिंह लगातार कसबे और आस पास गश्त पर रहे। जुमे की नमाज के बाद प्रधान पति फैजान मिर्जा, राव सम्मून, मंसूर चौधरी, विकास चौधरी, विकास गुप्ता, हाजी सलीम, शहजाद अली, इसलाम अल्वी आदि के साथ एसओ अमित शर्मा ने बैठक कर भाईचारा बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। एसडीएम देवेंद्र पांडेय और सीओ सदर रजनीश उपाध्याय ने भी कसबे सहित तहसील के संवेदनशील गांवों का दौरा किया।
रामपुर मनिहारान में जुमे की नमाज के बाद शहर काजी आत्मादुल्हक़ से वार्ता करते थाना प्रभारी।- फोटो : SAHARANPUR