छुटमलपुर/मुजफ्फराबाद। फतेहपुर बिजलीघर पर नए रखे गए पांच एमवीए के ट्रांसफार्मर की अर्थिंग के लिए साढ़े पांच घंटे तक छुटमलपुर नगर सहित दो दर्जन से ज्यादा गांवों की बिजली बंद रही। गर्मी में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उधर, मुजफ्फराबाद में ट्रांसफार्मर का फेस खराब होने से उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है।
दोपहर 12 बजे बिजलीघर से जुड़े छुटमलपुर नगर, फतेहपुर भादो, मांडुवाला, कमेशपुर, शेरपुर खानाजादपुर, रसूलपुर कलां, आमवाला, कमालपुर, औरंगाबाद, तकीपुर, नानका उर्फ जयरामपुर, सबरीपुर, भैंसराऊ, भटपुरा व कमाली आदि गांवों की बिजली बंद कर दी गई थी। शाम साढ़े पांच बजे आपूर्ति चालू की गई। इस दौरान भीषण गर्मी से लोग परेशान रहे।
उपखंड अधिकारी अमित कुमार गुप्ता ने बताया कि उपकेंद्र पर रखे गए नए ट्रांसफार्मर की अर्थिंग, कंट्रोल केबल व जंफर आदि के कार्य के लिए शटडाउन किया गया था। उन्होंने बताया कि नया ट्रांसफार्मर जैसे ही सुचा्ररु रूप से चालू हो जाएगा, बिजली आपूर्ति की दशा में भी सुधार होगा। उपभोक्ताओं को कट की समस्या से भी निजात मिलेगी।
मुजफ्फराबाद के ग्रामीणों ने बार-बार एक फेज भागने और ट्रांसफार्मर पर दूसरे क्षेत्र का लोड बढ़ाने का आरोप लगाते हुए उपखंड अधिकारी को पत्र सौंपा हैं। राजवीर और अशोक कुमार ने बताया कि ट्रांसफार्मर से आने वाली सप्लाई में बार-बार एक फेज भाग जाता है, जिसके कारण गांव के आधे से ज्यादा घरों में अंधेरा हो जाता है। कुछ घरों में लो वोल्टेज की समस्या पैदा हो जाती है।