संवाद न्यूज एजेंसी
शाकंभरी/ छुटमलपुर/ रामपुर मनिहारान। विद्युत उपकेंद्र बेहट से जुड़े गांव नौगांवा ग्राम समूह की बिजली फाॅल्ट के चलते सप्लाई 11 घंटे ठप रही। विद्युत आपूर्ति सुबह में बंद होकर शाम को ही चल पाई। उधर, आंधी में लाइन पर पेड़ गिरने से छुटमलपुर और आसपास के दो दर्जन गांवों के साथ ही रामपुर मनिहारान नगर में भी पांच घंटे तक बिजली गुल पड़ी रही। नौगांवा ग्राम समूह के गांव अलीपुरा, रजापुर चकअबाबाकरपुर, समशपुर, अबाबाकपुर, काशीपुर, हसनपुर, बेगपुर की विद्युत आपूर्ति बेहट बिजलीघर से होती है। बिजली की पूरी लाइन घने आम के बागों से गुजरती है। इसकी लंबाई 15 किमी के लगभग है जिसमें रोजाना पेड़ की टहनियां गिरकर फाल्ट होता रहता है। बृहस्पतिवार की सुबह में पांच बजे विद्युत लाइन में फाल्ट आ गया था जिसके चलते सप्लाई ठप हो गई। दिन भर ग्रामीण गर्मी में परेशान रहे। शाम 4 बजे विद्युत लाइन का फाल्ट ठीक होने के बाद ही आपूर्ति बहाल हो सकी। इसके अलावा कम वोल्टेज एवं ट्रिपिंग की समस्या तो लगातार बनी है। ग्रामीण सलेकचंद, दिनेश गुप्ता, धर्मेंद्र चौहान, मंजीत चौहान, अनुज चौहान, अकबर मलिक, हाजी मेहंदी हसन, शहजाद मलिक, देवी सिंह चेयरमैन आदि ने विद्युत आपूर्ति को जसमौर बिजली से जोड़ने की मांग की है।
छुटमलपुर के सहारनपुर रोड पर नानका में भारी भरकम पेड़ टूट कर बिजली लाइन पर गिरने से पांच घंटे तक कस्बे और आस पास के गांवों की बिजली बंद पड़ी रही। काफी मशक्कत के बाद टूटा खंभा और लाइन बदल कर आपूर्ति चालू की गई।
आंधी में उखड़े पेड़, संपर्क मार्ग हुए बाधित
बड़गांव। क्षेत्र में बारिश के साथ चली तेज आंधी से सड़क किनारे और खेतों में कई पेड़ उखड़ गए। बड़गांव-देवबंद मार्ग पर राधा स्वामी सत्संग भवन, दल्हेड़ी मार्ग, बेलड़ा पुल के समीप कई संपर्क मार्गों पर पेड़ गिरने से आवागमन प्रभावित हुआ। वन कर्मियों ने मजदूरों की सहायता से टूटे पेड़ों को हटवाकर मार्ग सुचारू कराया। कुछ ग्रामीणों ने बताया कि उनके खेतों में खड़े सफेदा, पॉपुलर के पेड़ टूटकर गिरने से फसलों और बागों में भी काफी नुकसान हुआ है।