हवा बारिश से 200 से ज्यादा गांवों की बत्ती गुल
सहारनपुर/बेहट/देवबंद/चिलकाना। जिले में शनिवार देर रात तेज हवा और बारिश के बाद विद्युत लाइनों पर पेड़ गिरने, फाल्ट आने और अन्य तकनीकी कारणों से 200 से अधिक गांवों की विद्युत आपूर्ति बाधित रही। इन क्षेत्रों में तीन से लेकर 10 घंटे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही। इसके चलते लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। वहीं, विद्युत निगम की टीमें विद्युत आपूर्ति को सुचारु करने में जुटी रहीं।
शहर में कुछ हिस्सों में ही विद्युत आपूर्ति पर असर पड़ा। लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में सप्लाई ज्यादा बाधित रही। चिलकाना, बेहट, देवबंद के अलावा आसपास के अन्य क्षेत्रों के करीब 200 गांवों की आपूर्ति ठप रही। रात दो बजे के बाद से इन क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। कुछ गांवों में तो चार घंटे बाद ही सप्लाई शुरू हो गई मगर बेहट कस्बे से लेकर अन्य गांवों में आपूर्ति सुचारु करने में दोपहर बाद तक का समय लग गया।
शनिवार रात ढाई बजे बेहट क्षेत्र के कलसिया स्थित 220 केवीए बिजलीघर से विद्युत उपकेंद्रों को सप्लाई कराने वाली 33 केवीए की सभी लाइनें ब्रेक डाउन हो गई। इसके अलावा 11 केवीए की लाइनें भी जगह-जगह पेड़ की टहनियों गिरने से ब्रेक डाउन हुई। इससे बेहट टाउन, बेहट देहात, मिर्जापुर, रायेपुर, फतेहपुर टांडा, जसमौर आदि उपकेंद्रों से जुड़े बेहट कस्बे समेत पूरे ग्रामीण क्षेत्र की आपूर्ति ठप हुई। क्षेत्र की ज्यादातर विद्युत लाइनें आम के बागों और घने पेड़ों के बीच से होकर गुजरती है। ऐसे में आंधी आने की दशा में लाइनों पर पेड़ गिरने से आपूर्ति बाधित हो जाती है।
एसडीओ राजकुमार ने बताया कि पेट्रोलिंग कराकर 33 केवीए की लाइन क्लियर करा ली गई है। 11 केवीए की लाइनों की पेट्रोलिंग कराई जा रही है। कर्मचारियों की कई टीमों को इस काम में लगाया गया है। शाम तक पूरे इलाके की आपूर्ति सुचारु करा दी जाएगी। देवबंद क्षेत्र में भी बिजली आपूर्ति रविवार दोपहर तक सुचारु हो सकी।
जुगाड़बाजी से चल रहीं विद्युत लाइनें
बेहट। विद्युत उपकेंद्रों से ग्रामीण क्षेत्र को बिजली की आपूर्ति कराने वाली लाइनें जुगाड़बाजी से चल रही है। रिपेयरिंग के नाम पर विभाग के स्टोर से पिछले दिनों एक ठेकेदार ने लाइनों की मरम्मत के लिए काफी मात्रा में विद्युत उपकरण उठाए थे, लेकिन पर्याप्त मात्रा में सामान नहीं लगा। इस बारे में एसडीओ राजकुमार ने कहा कि पहले आंधी से हुए नुकसान के बाद सभी लाइनों को दुरुस्त कर दिया गया था। शनिवार की रात फिर से आंधी आने पर लाइनें ब्रेक डाउन हुई है।