छुटमलपुर (सहारनपुर)। उत्तराखंड के हज कमेटी अध्यक्ष शमीम आलम खान का यहां पहुंचने पर भाजपाइयों ने जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर शमीम आलम ने कहा कि यूपी की जनसंख्या नीति प्रदेश में विकास के नए आयामों की सारथी बनेगी।
कसबे में गन्ना समिति टोडरपुर के पूर्व चेयरमैन ठा. जसबीर सिंह द्वारा आयोजित स्वागत समारोह में दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री शमीम आलम ने कहा कि विपक्षी दल अपना उल्लू सीधा करने के लिए मुसलमानों को भाजपा से डराने का काम करते हैं, जबकि सच्चाई यह है कि मुसलमान सबसे ज्यादा सुरक्षित भाजपा शासनकाल में ही हैं। गुंडे बदमाश जेल की सलाखों के पीछे हैं और आम आदमी चैन की सांस ले रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं बिना किसी भेदभाव के सभी जाति वर्ग के लोगों तक पहुंच रही हैं। यूपी और उत्तराखंड की भाजपा सरकारें भी इसी का अनुसरण कर रही हैं। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष होने वाले विधान सभा चुनावों में यूपी और उत्तराखंड में भाजपा प्रचंड बहुमत से फिर से सरकार बनाने का काम करेगी। इससे पहले यहां पहुंचने पर शमीम आलम का ठा. जसबीर सिंह, जिला पंचायत सदस्य दूबे सिंह कांबोज, प्रदीप चौहान, राज कुमार प्रधान, पूर्व प्रधान कमालपुर राजकुमार, प्रधान कमालपुर शोयब आदि ने माल्यार्पण कर जोरदार स्वागत किया।