गागलहेड़ी। गागलहेड़ी में बनी पानी की टंकी के परिसर में तालाब का पानी घुसने से पंप हॉउस की इमारत धंस गई है। वहीं टैंक को भी खतरा बन गया है। तालाब का गंदा पानी टंकी में आने से ग्रामीण उसे पीने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने समस्या के समाधान की मांग की है।
गांव में अब से पंद्रह वर्ष पूर्व जल निगम द्वारा निर्माण कराते हुए पानी की सप्लाई दी गई थी। इस पानी की टंकी के पास ही तालाब स्थित है। तालाब में घरों से निकलने वाला गंदा पानी एकत्र होता है। पिछले कई सालों इसका पानी टंकी और पंप हॉउस परिसर में भरा रहता है। पंप हॉउस की इमारत भी जमीन में धंस गई है। टंकी परिसर में लगा बिजली का ट्रांसफार्मर भी पूरी तरह से पानी के बीच खड़ा है। वहीं, ग्राम प्रधान फरमान मलिक ने बताया कि इस संबंध में जल निगम के सभी उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन कोई भी इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। उधर, एसडीएम सदर सुबोध कुमार ने बताया इस बारे में संबंधित विभाग के अधिकारी को मौके पर भेजकर रिपोर्ट मांगी जाएगी। जल्द ही समस्या का निस्तारण कराया जाएगा।